शहरों में कार रखना जितना आसान लगता है, उतना अक्सर होता नहीं. कम पार्किंग स्पेस, भारी ट्रैफिक और कम विजिबिलिटी की वजह से गाड़ी खड़ी होने पर भी नुकसान हो जाता है. ये छोटी-छोटी डैमेज धीरे-धीरे खर्च बढ़ा देती हैं. अगर इन्हें समय पर ठीक न कराया जाए, तो पेंट खराब होने या जंग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है. लेकिन थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप परेशानियों को काफी हद तक कम कर सकते हैं. आइए जानते हैं कुछ आसान पार्किंग टिप्स, जो आपकी कार को सेफ रखने में मदद करेंगे.
सावधानी से पार्क करें
पार्किंग करते समय हमेशा ऐसी जगह चुनें जहां दोनों तरफ अच्छी-खासी स्पेस हो, ताकि दरवाजा खोलते समय पास की गाड़ियों से टकराव न हो. पिलर के पास या रो के किनारे वाली जगहें अक्सर ज्यादा सेफ होती हैं. वहीं एंट्री गेट या संकरी लेन जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाकर रखें, क्योंकि यहां मूवमेंट ज्यादा होता है.
पार्किंग स्लॉट के अंदर सही एलाइनमेंट बनाए रखें
पार्किंग करते समय गाड़ी को लाइन के अंदर सही तरीके से खड़ा करना बहुत जरूरी होता है. अगर गाड़ी तिरछी खड़ी होगी, तो पास वाली गाड़ियों से डोर लगने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए कैमरा, सेंसर या खुद उतरकर एक बार चेक जरूर कर लें.
आसपास खड़ी गाड़ियों को देख लें
गाड़ी पार्क करते समय आसपास खड़ी गाड़ियों पर एक नजर डालना बहुत जरूरी है. अगर पास में डैमेज हुई या बड़ी SUV जैसी गाड़ियां खड़ी हैं, तो टक्कर लगने का खतरा थोड़ा ज्यादा रहता है. वहीं, छोटी और सही तरीके से पार्क की गई गाड़ियों के पास जगह चुनना आमतौर पर ज्यादा सेफ रहता है.
ORVMs फोल्ड करना न भूलें
गाड़ी पार्क करते समय ORVMs (साइड मिरर) को फोल्ड करना एक छोटी लेकिन बहुत काम की आदत है. साथ ही, कोशिश करें कि गाड़ी हमेशा किसी सेफ या कवर पार्किंग में लगाएं. रोड साइड पार्किंग से न सिर्फ ट्रैफिक का खतरा रहता है, बल्कि धूल, धूप और मौसम का असर भी आपकी गाड़ी पर पड़ता है.
गाड़ी रिवर्स करते समय ध्यान रखें
गाड़ी रिवर्स करते समय ही अक्सर डेंट लगते हैं. वजह साफ है, पीछे की विजिबिलिटी कम होती है. इसलिए जल्दबाजी बिल्कुल न करें, धीरे-धीरे गाड़ी चलाएं और मिरर व ब्लाइंड स्पॉट जरूर चेक करें. अगर जरूरत लगे तो किसी की मदद लेने में भी हिचकिचाएं नहीं. खासतौर पर भीड़-भाड़ वाली पार्किंग में सावधान रहें, क्योंकि वहां दोपहिया या ठेले अचानक सामने आ सकते हैं. बहुत टाइट जगह में गाड़ी घुसाने से बेहतर है थोड़ा सेफ स्पेस चुनना.
यह भी पढ़ें: आपकी ऑटोमैटिक कार में ये छोटा सा बटन आखिर इतना जरूरी क्यों है? जानें इसके फायदे
