2026 Triumph Daytona 660 को भारत में लॉन्च कर दिया गया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है, जो पिछले मॉडल से 11,000 रुपये ज्यादा है. इतनी कीमत में एक SUV आसानी से घर आ सकता है. इस मामूली कीमत बढ़ोतरी के साथ ग्राहकों को अब अपडेटेड हार्डवेयर पैकेज मिलेगा. इसमें ज्यादा एडजस्टमेंट वाला फ्रंट फोर्क, Metzeler M9RR टायर्स और स्टैंडर्ड बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर शामिल हैं. हालांकि, Triumph ने 660cc वाले तीन सिलेंडर इंजन में कोई बदलाव नहीं किया है. यहां 2026 Triumph Daytona 660 में हुए सभी बदलावों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
2026 Triumph Daytona 660: क्या नया है?
इस बाइक के हार्डवेयर में हुए बदलावों की बात करें तो सबसे बड़ा बदलाव अपडेटेड फ्रंट सस्पेंशन है. इसमें 41mm Showa USD फोर्क पहले की तरह दिया गया है, लेकिन अब इसमें कंप्रेशन और रिबाउंड एडजस्टमेंट दोनों मिलते हैं. इसका ट्रैवल 110mm ही है. पीछे की तरफ Daytona 660 में पहले की तरह Showa मोनोशॉक दिया गया है, जिसमें प्रीलोड एडजस्टमेंट और 130mm का ट्रैवल मिलता है. ऐसे में एडजस्टेबल फ्रंट फोर्क 2026 मॉडल का सबसे बड़ा सस्पेंशन अपडेट है.
2026 Triumph Daytona 660: टायर्स और क्विकशिफ्टर
कंपनी ने 2026 मॉडल में टायर्स भी बदल दिए हैं. पिछले मॉडल में दिए गए Michelin Power 6 टायर्स की जगह अब Metzeler Sportec M9RR टायर्स दिए गए हैं. Triumph ने गियर बदलने की सुविधा को भी बेहतर किया है. अब बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर स्टैंडर्ड तौर पर मिलता है. पहले इसे एक्सेसरी के तौर पर अलग से लिया जा सकता था.
ये भी पढ़ें: 8 साल की वारंटी और 150km की शानदार रेंज, कार के चार्जर से चार्ज होने वाली Raptee.HV की डिलीवरी शुरू
2026 Triumph Daytona 660: डिजाइन और कलर
लुक की बात करें तो अपडेटेड Daytona 660 को अब तीन नए कलर में पेश किया गया है. इनमें Aluminium Silver, Cosmic Yellow और Sapphire Black शामिल हैं. Aluminium Silver और Cosmic Yellow कलर में Sapphire Black ग्राफिक्स दिए गए हैं. इसके अलावा बाइक के डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: TFT डिस्प्ले, एडजस्टेबल सस्पेंशन... नए अवतार में आई TVS Apache RTR 200 4V, कीमत ₹1.50 लाख
2026 Triumph Daytona 660: इंजन
Triumph ने 2026 मॉडल के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया है. इसमें पहले की तरह 660cc का इनलाइन तीन सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है. यह इंजन 95hp की पावर और 68Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है.
2026 Triumph Daytona 660: भारत में कीमत
नई Daytona 660 की कीमत पुराने मॉडल के मुकाबले 11,000 रुपये ज्यादा है. पुराने मॉडल की कीमत 9.88 लाख रुपये थी, जबकि 2026 Triumph Daytona 660 की एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है. कीमत में बढ़ोतरी के साथ बाइक में कई नए फीचर्स और नया कलर ऑप्शन जोड़ा गया है.
