अगर आप नई 2026 Maruti Suzuki Brezza खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके सामने अब पहले से ज्यादा ऑप्शन हैं. कंपनी ने इस SUV को 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड (NA) पेट्रोल इंजन के साथ-साथ नए 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन में भी लॉन्च किया है. पहली नजर में दोनों मॉडल लगभग एक जैसे दिखते हैं, लेकिन डिजाइन, फीचर्स और तकनीक के मामले में कई अहम अंतर हैं. अगर आप तय नहीं कर पा रहे कि कौन-सा मॉडल खरीदें, तो यहां जानिए दोनों के बीच का पूरा फर्क.
डिजाइन में क्या है अंतर?
Maruti Suzuki ने टर्बो पेट्रोल वेरिएंट को अलग पहचान देने के लिए इसमें कुछ खास बदलाव किए हैं. टर्बो मॉडल में सामने की ग्रिल, फ्रंट और रियर बंपर के सिल्वर स्किड प्लेट के ऊपर, व्हील आर्च और डोर क्लैडिंग पर लाल (Red) एक्सेंट दिए गए हैं. इसके अलावा पीछे की क्वार्टर ग्लास पर Turbo Boosterjet का डिकल और टेलगेट पर Turbo बैज भी मिलता है. हालांकि, बाकी डिजाइन दोनों वेरिएंट में एक जैसा है. दोनों में डुअल-पॉड हेडलाइट्स, LED DRLs, LED फॉग लैंप, 16-इंच अलॉय व्हील, सिल्वर रूफ रेल्स और LED टेललाइट्स मिलती हैं.
इंटीरियर में नहीं मिलेगा कोई अंतर
अगर आप केबिन के अंदर देखें, तो टर्बो और NA पेट्रोल दोनों वेरिएंट लगभग एक जैसे हैं. दोनों में ब्लैक और ब्राउन ड्यूल-टोन केबिन, 3-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ मल्टी-इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले (MID) मिलता है. यानी अंदर बैठने पर दोनों मॉडल में कोई खास अंतर महसूस नहीं होगा.
फीचर्स में टर्बो वेरिएंट को मिलता है फायदा
2026 Maruti Suzuki Brezza के टॉप ZXi+ वेरिएंट में टर्बो और NA पेट्रोल दोनों इंजन विकल्पों के साथ लगभग एक जैसे फीचर्स मिलते हैं. हालांकि, LXi, VXi और ZXi वेरिएंट में टर्बो पेट्रोल मॉडल ज्यादा फीचर-लोडेड है. यानी अगर आप टर्बो वेरिएंट चुनते हैं, तो कम वेरिएंट में भी आपको ज्यादा सुविधाएं मिलती हैं.
- LXi टर्बो वेरिएंट में रियर डिफॉगर, हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, एडजस्टेबल रियर हेडरेस्ट और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं.
- VXi टर्बो वेरिएंट में रिवर्स पार्किंग कैमरा, इलेक्ट्रिक फोल्डिंग ORVM, अलॉय व्हील और एक्सक्लूसिव Bluish Black कलर का ऑप्शन दिया गया है.
- ZXi टर्बो वेरिएंट में रियर वाइपर और वॉशर, दो एक्स्ट्रा ट्वीटर, क्रूज कंट्रोल, ऑटो हेडलैंप, ब्लाइंड स्पॉट वार्निंग, सेफ एग्जिट वार्निंग और रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट जैसे एडवांस्ड सेफ्टी और कंफर्ट फीचर्स भी मिलते हैं.
इंजन और तकनीक में क्या फर्क है?
दोनों वेरिएंट के बीच सबसे बड़ा अंतर इनके इंजन में है. टर्बो पेट्रोल वेरिएंट में 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर डायरेक्ट इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जबकि NA पेट्रोल वेरिएंट में 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया गया है.
दोनों में एक और बड़ा अंतर यह है, कि टर्बो पेट्रोल वेरिएंट सिर्फ मैनुअल गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है. ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का ऑप्शन सिर्फ NA पेट्रोल वेरिएंट में मिलता है. वहीं, CNG का ऑप्शन भी सिर्फ NA पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध है.
खास बात यह है कि Brezza का यही 1.0-लीटर टर्बो इंजन Maruti Fronx में भी मिलता है, लेकिन Fronx में इसके साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन भी दिया जाता है.
कौन-सा वेरिएंट खरीदना रहेगा बेहतर?
अगर आप ज्यादा परफॉर्मेंस, स्पोर्टी लुक और एक्स्ट्रा फीचर्स चाहते हैं, तो Turbo Petrol वेरिएंट आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. हालांकि अगर आपकी प्रायोरिटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स, CNG का ऑप्शन और रोजमर्रा की आरामदायक ड्राइविंग है, तो NA Petrol वेरिएंट ज्यादा बेहतर रहेगा. यानी कि 2026 Maruti Suzuki Brezza के दोनों इंजन ऑपशंस अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं. इसलिए खरीदने से पहले अपनी ड्राइविंग जरूरत और बजट के हिसाब से सही वेरिएंट चुनना बेहतर होगा.
यह भी पढ़ें: नई Maruti Brezza खरीदने से पहले जानें, कौन-सा वेरिएंट देगा सबसे ज्यादा वैल्यू?
