Hyundai Verna का अपडेटेड मॉडल लॉन्च, जानें कीमत, फीचर्स और इंजन डिटेल्स

Hyundai Verna का अपडेटेड मॉडल भारत में लॉन्च हो गया है. नई Verna में डिजाइन, टेक्नोलॉजी, कम्फर्ट और सेफ्टी से जुड़े कई अपग्रेड दिए गए हैं, जिनमें ADAS, कनेक्टेड फीचर्स और दमदार इंजन ऑप्शन शामिल हैं.

Hyundai Motor India ने भारतीय बाजार में अपनी पॉपुलर मिडसाइज सेडान Hyundai Verna का अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर दिया है. नई Verna की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10,98,400 रुपये रखी गई है. कंपनी ने इस कार में डिजाइन, टेक्नोलॉजी, सेफ्टी और कम्फर्ट से जुड़े कई बदलाव किए हैं. नई Verna को ज्यादा प्रीमियम फीचर्स और एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी के साथ पेश किया गया है, जिससे यह मिडसाइज सेडान सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत कर सकती है. आइए जानते हैं इसके फीचर्स और वेरिएंट वाइज प्राइस डिटेल्स.

कीमत और वेरिएंट

नई Hyundai Verna को भारत में छह वेरिएंट्स HX2, HX4, HX6, HX6+, HX8 और HX10 में लॉन्च किया गया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10,98,400 रुपये रखी गई है.

1.5 लीटर MPi पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल ट्रांसमिशन वाले वेरिएंट में HX2 की कीमत 10,98,400 रुपये, HX4 की 12,25,400 रुपये, HX6 की 13,19,400 रुपये, HX6+ की 13,81,400 रुपये और HX8 की कीमत 14,88,400 रुपये है.

वहीं, 1.5 लीटर MPi पेट्रोल इंजन के CVT वेरिएंट में HX6 की कीमत 14,40,400 रुपये, HX6+ की 15,02,400 रुपये, HX8 की 16,09,400 रुपये और टॉप वेरिएंट HX10 की कीमत 17,15,400 रुपये रखी गई है.

इसके अलावा, 1.5 लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन के साथ HX8 मैनुअल वेरिएंट की कीमत 16,28,400 रुपये, HX8 7-DCT की 17,62,400 रुपये और HX10 7-DCT वेरिएंट की कीमत 18,25,400 रुपये तय की गई है.

एक्सटीरियर डिजाइन में मिले नए बदलाव

नई Verna के एक्सटीरियर में कई अपडेट किए गए हैं, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा स्पोर्टी और प्रीमियम हो गया है. कार में ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और नए डिजाइन के फ्रंट और रियर बंपर दिए गए हैं. इसके अलावा, इसमें 16-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स भी मिलते हैं, जो इसकी स्टाइलिंग को और बेहतर बनाते हैं.

डाइमेंशन कि बात करें, तो यह सेडान 4565mm लंबी, 1765mm चौड़ी और 2670mm व्हीलबेस के साथ आती है, जो इसे अपने सेगमेंट की सबसे चौड़ी कारों में से एक बनाती है. वहीं, Hyundai ने इसमें दो नए कलर ऑप्शन Classy Blue और Titan Grey Matte भी जोड़े हैं. इसके अलावा Starry Night, Titanium Black, Titan Grey, Atlas White और Atlas White with Black Roof जैसे कलर ऑपशंस भी अवेलेबल हैं.

इंटीरियर में प्रीमियम फीचर्स

नई Verna के केबिन को भी ज्यादा प्रीमियम बनाया गया है. इसमें D-cut स्टीयरिंग व्हील और लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री दी गई है. ड्राइवर सीट में 8-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट और मेमोरी फंक्शन मिलता है, जबकि फ्रंट पैसेंजर सीट में 4-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट दिया गया है. कार में कई नए कम्फर्ट फीचर्स जैसे रियर विंडो सनशेड, स्मार्ट ट्रंक, 528 लीटर का बड़ा बूट स्पेस भी शामिल किए गए हैं.

टेक्नोलॉजी और कनेक्टेड फीचर्स

नई Hyundai Verna में कई एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं, जो ड्राइविंग एक्सपीरियंस को ज्यादा स्मार्ट और सुविधाजनक बनाते हैं. कार में 10.25-इंच के दो बड़े डिस्प्ले मिलते हैं, जिनमें एक इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरा डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए है. इसके साथ वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर, इलेक्ट्रिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और स्मार्ट की के साथ पुश-बटन स्टार्ट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं.

इसके अलावा, बेहतर ऑडियो एक्सपीरियंस के लिए कार में 8-स्पीकर वाला Bose प्रीमियम साउंड सिस्टम मिलता है. नई Verna में Hyundai Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जो 70 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स और 350 से अधिक वॉइस कमांड का सपोर्ट देती है.

इंजन और परफॉर्मेंस

नई Hyundai Verna में कंपनी दो पेट्रोल इंजन ऑप्शन दे रही है. पहला 1.5-लीटर MPi नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 115bhp की पावर और 143.8Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और IVT (इंटेलिजेंट वेरिएबल ट्रांसमिशन) का ऑप्शन मिलता है.

दूसरा ऑप्शन 1.5-लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन का है, जो 160bhp की मैक्सिमम पावर और 253Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इस इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ट्रांसमिशन (DCT) का ऑप्शन मिलता है. इसके अलावा, बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस के लिए कार में Normal, Eco और Sport जैसे ड्राइव मोड, पैडल शिफ्टर्स और माइलेज बढ़ाने के लिए Idle Stop & Go (ISG) टेक्नोलॉजी भी दी गई है.

सेफ्टी फीचर्स

सेफ्टी के मामले में नई Hyundai Verna काफी मजबूत बनाई गई है. कंपनी के अनुसार इसमें 75 से ज्यादा एडवांस सेफ्टी फीचर्स और 35 स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. कार में Hyundai SmartSense Level-2 ADAS टेक्नोलॉजी के साथ 7 एयरबैग (सेंटर साइड एयरबैग सहित), बिल्ट-इन डैशकैम, सराउंड व्यू मॉनिटर, ब्लाइंड-स्पॉट व्यू मॉनिटर और रेन-सेंसिंग वाइपर जैसे फीचर्स मिलते हैं.

इसके अलावा, स्टैंडर्ड सेफ्टी के तौर पर इसमें 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), हिल-स्टार्ट असिस्ट, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट और रियर पार्किंग सेंसर जैसे जरूरी सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं, जो ड्राइविंग को ज्यादा सुरक्षित बनाते हैं.

यह भी पढ़ें: ₹15 लाख से कम में 360-डिग्री कैमरा वाले SUV, देखें लिस्ट में कौन मॉडल्स हैं शामिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shivani Shah

डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >