सारण से सुनील तिवारी की रिपोर्ट
Daudpur Railway Station: छपरा–सीवान रेलखंड के दाउदपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाए जाने के बावजूद यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है. खुले प्लेटफॉर्म पर शेड नहीं होने से यात्रियों को धूप और बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से सुविधाएं बढ़ाने और ट्रेनों के ठहराव की मांग की है.
प्लेटफॉर्म का विस्तार हुआ, लेकिन सुविधाएं नहीं बढ़ीं
दाउदपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे ने अमृत भारत योजना के तहत अप और डाउन दोनों प्लेटफॉर्म की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाई है. प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बैठने के लिए सीमेंटेड बेंच जैसी संरचनाएं भी बनाई गई हैं, लेकिन शेड नहीं होने के कारण लोग तपती धूप में बैठने से बचते हैं.
सारण की खबरें पढ़ने के लिए क्ल्कि करें
Saran Railway Station: धूप और बारिश में परेशान होते हैं यात्री
स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के दौरान यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को छांव की तलाश में इधर-उधर भागना पड़ता है. गर्मी और बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है.
Saran News: रोजाना कई ट्रेनों का होता है ठहराव
दाउदपुर स्टेशन पर प्रतिदिन करीब डेढ़ दर्जन मेल और पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है. इसके बावजूद यात्रियों के लिए पर्याप्त शेड, प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है.
दिल्ली और पटना जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने दाउदपुर स्टेशन पर दिल्ली और पटना जाने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की है. लोगों का कहना है कि इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी.
Maharajganj MP: मेमू ट्रेन चलाने की भी उठी मांग
हाल के दिनों में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के छपरा दौरे के दौरान महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मंच से सिवान-छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन चलाने की मांग उठाई थी. इस मांग का क्षेत्र के लोगों ने स्वागत किया और इसे यात्रियों के हित में बताया.
आरक्षण केंद्र की मांग भी वर्षों से लंबित
स्थानीय लोगों का कहना है कि दाउदपुर स्टेशन पर आरक्षण केंद्र की सुविधा नहीं है. इसके कारण यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है. लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द आरक्षण केंद्र शुरू करने की मांग की है.
Railway News: ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन का खींचा ध्यान
प्रो. ओम प्रकाश सिंह, जय प्रकाश सिंह, रणविजय सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, उमाशंकर सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, विजय प्रताप सिंह, हरिमोहन सिंह, डॉ. राजीव कुमार सिंह, दयानंद सिंह और गजेंद्र सिंह समेत कई ग्रामीणों ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है.
