Biharsharif: पुरुषोत्तम मास मेला के तीसरे दिन मंगलवार को राजगीर पूरी तरह आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आने लगा है. ब्रह्मकुंड सहित विभिन्न गर्म जल कुंडों में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार एक दिन में 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ब्रह्मकुंड में पवित्र डुबकी लगाकर धार्मिक लाभ प्राप्त किया. अहले सुबह से ही तीर्थयात्रियों का जत्था कुंड परिसर पहुंचने लगता है. लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करता दिखता है. मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. ब्रह्मकुंड परिसर में बांस की बैरिकेडिंग के बीच कतारबद्ध श्रद्धालु 33 कोटि देवी-देवताओं के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहते हैं. प्रवेश से निकासी तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये है. पुलिस बल, दंडाधिकारी और स्वयंसेवकों की लगातार निगरानी से व्यवस्था नियंत्रित है. इस दौरान स्काउट एंड गाइड्स की 14 सदस्यीय टीम सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं की मदद में जुटी है. टीम में शामिल हिमांशु कुमार, सुधांशु कुमार, दिलखुश राज और शुभम कुमार समेत अन्य सदस्य महिलाओं, बच्चों और असहाय श्रद्धालुओं को सहारा देकर सीढ़ियां चढ़ाने तथा सुरक्षित स्नान कराने में सहयोग करते हैं. उनकी सेवा भावना की श्रद्धालुओं ने सराहना की. मेले के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने सप्तऋषि गर्म जल झरना, ब्रह्मकुंड समेत विभिन्न कुंडों में स्नान किया तथा श्रीहरि पुरुषोत्तम श्रीलक्ष्मीनारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की.
श्रद्धालुओं ने किया दान
श्रद्धालुओं ने दान-दक्षिणा देकर धार्मिक अनुष्ठानों में भी भाग लिया. पंडा कमिटी के प्रवक्ता सुधीर कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मेले को राजकीय दर्जा मिलने के बाद इसकी गरिमा और बढ़ी है. बेहतर आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के कारण दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु संतुष्ट नजर आ रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है.
मलमास मेला क्षेत्र का डीएम ने किया रात में निरीक्षण, सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण व्यवस्था परखी
राजकीय मलमास मेला को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने सोमवार की देर रात्रि मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर भीड़ नियंत्रण, विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्रह्मकुंड, विभिन्न कुंडों, मुख्य मार्गों तथा बैरिकेडिंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना आवश्यक है. निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे. डीएम ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
