होर्मुज स्ट्रेट के पास क्रैश हुआ अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर, दोनों पायलट रेस्क्यू; दुर्घटना हुई कैसे?
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 09 Jun 2026 1:14 PM
अपाचे हेलीकॉप्टर. फोटो- एक्स (Centcom).
US Helicopter Crash Hormuz Strait: होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि पूरे चालक दल को सुरक्षित बचा लिया गया. अमेरिका और ईरान शांति वार्ता की कोशिशों में लगे हैं, इसी बीच यह घटना हुई है.
US Helicopter Crash Hormuz Strait: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट के पास एक अमेरिकी सैन्य अपाचे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि बचाव अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर में सवार पूरे चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया. यह हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर और पीस डील को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. वहीं ईरान और इजरायल भी छिटपुट संघर्ष के बाद लड़ाई रोकने पर सहमत हुए हैं.
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सैन्य हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद तत्काल बचाव अभियान चलाया गया और चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया. रिपोर्ट में इस मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों का हवाला दिया गया है. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की वास्तविक वजह क्या थी. अमेरिकी प्रशासन की ओर से भी दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
अमेरिका को लगातार हो रहा नुकसान
अमेरिका को ईरान के खिलाफ युद्ध में भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है. 12 मई को पेंटागन के कंप्ट्रोलर जे हर्स्ट ने कांग्रेस की हाउस एप्रोप्रिएशन्स कमिटी को बताया कि अमेरिका ने अब तक इस युद्ध में करीब 29 बिलियन डॉलर खर्च किए हैं. अमेरिका को अब तक अपने कई सारे जहाज और ड्रोन का नुकसान भी उठाना पड़ा है. इनमें F-18 और F-35 लड़ाकू विमान, अपाचे हेलिकॉप्टर और MQ-9 रीपर ड्रोन भी शामिल हैं. अपने एक फंसे हुए सिपाही को बचाने के लिए अमेरिका को खुद ही जहाजों को नष्ट करना पड़ा था.
युद्धविराम के बीच हुआ हादसा
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच लागू युद्धविराम को लेकर स्थिति पूरी तरह स्थिर नहीं मानी जा रही है. बीते वीकेंड इजरायल और ईरान के बीच बढ़े तनाव और सैन्य गतिविधियों ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी. बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों से शांति बरतने की अपील की.
ये भी पढ़ें:- बांग्लादेश की बल्ले-बल्ले, रूस देगा उसका साथ; AI, रोजगार और व्यपार से लेकर BRICS में एंट्री तक मिलेगा सहयोग
ये भी पढ़ें:- NBA मैच देखने पहुंचे ट्रंप की भारी बेइज्जती, स्क्रीन पर आते ही लोगों ने की जबरदस्त हूटिंग, Video
ट्रंप ने दो सप्ताह में ‘पूर्ण जीत’ का किया दावा
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने एक टेली-रैली के दौरान कहा कि अमेरिका अगले दो सप्ताह में ईरान को लेकर बड़ी सफलता हासिल कर सकता है. ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि वह यह लड़ाई जीत रहे हैं, लेकिन असली जीत अगले दो सप्ताह में दिखाई देगी. जब हम पूर्ण विजय की घोषणा करेंगे. यह पूरी जीत होगी. यह बहुत जल्द होगा और इसके बाद तेल की कीमतों में भी भारी गिरावट आएगी.
ट्रंप ने आगे कहा कि हम इस समय बातचीत कर रहे हैं और वे एक बहुत अच्छा समझौता करना चाहते हैं. वे हमें लगभग हर वह चीज देने के लिए तैयार हैं जिसकी हमें जरूरत है. वे परमाणु हथियार नहीं रखने पर भी राजी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










