Ebola Outbreak: अफ्रीकी देश कांगो में इबोला कहर बरपा रहा है. पूर्वी कांगो में इबोला वायरस के प्रकोप से अब तक कम से कम 131 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 से ज्यादा संदिग्ध मामले सामने आए हैं. कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी. स्वास्थ्य मंत्री सैमुअल रोजर कंबा ने कहा- प्रभावित इलाकों में 513 संदिग्ध मामले सामने आए हैं और 131 लोगों की मौत दर्ज की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि सभी मौतों की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनमें कितने मामले वास्तव में इबोला संक्रमण से जुड़े हैं.
बुंडीबुग्यो वेरिएंट मचा रहा तबाही
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मौजूदा प्रकोप इबोला वायरस के दुर्लभ बुंडीबुग्यो वेरिएंट के कारण हो रहा है. इस प्रकार के वायरस के लिए अभी तक कोई स्वीकृत टीका या उपचार मौजूद नहीं है, इस कारण इतने बड़े पैमाने पर लोगों की जान जा रही है.
कांगो और युगांडा में इबोला के सबसे ज्यादा मामले
कांगो और यूगांडा में इबोला के 20 से ज्यादा प्रकोप सामने आ चुके हैं, लेकिन बुंडीबुग्यो वायरस की पहचान केवल तीसरी बार हुई है. स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बुनिया, गोमा, मोंगबवालु, बुटेम्बो और न्याकुंडे समेत कई इलाकों में संक्रमण के मामलों की पुष्टि हो चुकी है.
WHO ने घोषित किया स्वास्थ्य इमरजेंसी
विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organization) ने रविवार को इबोला को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया था. WHO के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस (Tedros Adhanom Ghebreyesus) ने जिनेवा में कहा कि वह महामारी के स्तर और इसके तेजी से फैलने को लेकर बेहद चिंतित हैं.
क्या है इबोला वायरस और क्या हैं इसके लक्षण?
इबोला एक गंभीर और कई मामलों में जानलेवा बीमारी है. यह इबोला वायरस के कारण होती है. यह संक्रमित व्यक्ति या जानवर के खून, शरीर के तरल पदार्थ या ऊतकों के सीधे संपर्क में आने से फैलती है. इबोला के लक्षण अचानक सामने आ सकते हैं. इसकी शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, थकान, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द और गले में खराश शामिल हैं. बाद में मरीज में उल्टी, दस्त, पेट दर्द, त्वचा पर चकत्ते और गुर्दे और यकृत से जुड़ी समस्याएं भी दिखाई दे सकती हैं.
अलर्ट पर भारत में स्वास्थ्य एजेंसियां
अफ्रीकी देशों में इबोला के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत की स्वास्थ्य एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. स्वास्थ्य एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं. भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (National Centre for Disease Control, NCDC) पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है. टाटा इंस्टीट्यूट फॉर जेनेटिक्स एंड सोसाइटी के निदेशक डॉ. राकेश मिश्रा ने इबोला वायरस रोग पर कहा- घबराने की कोई वजह नहीं है. यह कोविड-19 महामारी जैसा बिलकुल नहीं है. जागरूकता, निगरानी और सर्वेक्षण भी महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि सरकार इबोला वायरल को लेकर गंभीर है.
भारत में फिलहाल कोई मामला नहीं
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल भारत में इबोला वायरस संक्रमण का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है. हालांकि, बढ़ती अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और वैश्विक संपर्क के कारण सतर्कता बनाए रखना बेहद जरूरी माना जा रहा है. दिल्ली स्थित All India Institute of Medical Sciences (AIIMS) के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर संजय राय ने कहा कि देश के हवाई अड्डों पर जांच व्यवस्था और रोग निगरानी प्रणाली पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत और प्रभावी हुई है.
