कोलंबो: श्रीलंका ने देश के पूर्वी प्रांत में करीब 4000 घर बनाने के लिए भारतीय आवासीय मदद कार्यक्रम का स्वागत किया है.
यह आवासीय मदद कार्यक्रम भारत द्वारा देश के बाहर क्रियान्वित की जाने वाली सबसे बड़ी मदद परियोजनाओं में से एक है. इस कार्यक्रम को 1372 करोड़ रुपये से पूरा किया जाएगा.
श्रीलंका के आर्थिक विकास मंत्री बसिल राजपक्षे ने वर्ष 2009 में गृहयुद्ध की समाप्ति के बाद उत्तरी एवं पूर्वी प्रांतों में भारतीय मदद से कई परियोजनाओं को शुरु करने और इन्हें क्रियान्वित करने में भारतीय उच्चायोग के महत्वपूर्ण योगदान को याद किया.पूर्वी क्षेत्र में दो प्रशासनिक जिलों बट्टीकलोआ और अंपारा में करीब 4000 घरों का निर्माण कल शुरु हुआ.
राजपक्षे ने याद किया कि श्रीलंकाई राष्ट्रपति और उनके भाई महिन्द्रा राजपक्षे ने वर्ष 2010 में भारत की यात्रा पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से उत्तर में 50 हजार घरों के निर्माण का आग्रह किया था.इस परियोजना का बाद में विस्तार करके इसमें पूर्वी क्षेत्र में आवास उपलब्ध कराने को शामिल किया गया था.
राजपक्षे ने बट्टीकलोआ में कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर कहा कि श्रीलंका में दानदाताओं की मानवीय सहायता परियोजनाओं में भारतीय आवासीय परियोजना इसके पैमाने, पहुंच और असर के मामले में अभूतपूर्व और अतुलनीय है.
