बगदाद : बगदाद के शिया बहुल पड़ोसी जिलों में पांच कार बम विस्फोट हुए, जिनमें 16 लोगों की मौत हो गई और 75 लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये विस्फोट आज सुबह बस स्टेशनों और बाहरी बाजारों में हुए. अस्पताल अधिकारियों ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है. सभी अधिकारियों ने अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर ही बात की क्योंकि वे लोग मीडिया से बातचीत करने के लिए अधिकृत नहीं थे. दिन में दक्षिणी शहर बासरा में दो कार विस्फोट हुए. इन विस्फोटों में 10 लोग मारे गए और 27 घायल हो गए.
इराक में कई हमले हुए हैं. पिछले सप्ताह हुए बम विस्फोटों में सुन्नी और शिया दोनों ही संप्रदायों के नागरिकों को लक्ष्य बनाया गया था. इस खूनी खेल के कारण वर्ष 2006-2007 की सांप्रदायिक हिंसा के लौटने का डर गहरा गया है. इस हिंसा के कारण देश गृहयुद्ध के कगार पर आ गया था.
