काबुल: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आज सुबह एक शक्तिशाली आत्मघाती कार हमले में नाटो के सैन्य काफिले को निशाना बनाया गया, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई. मारे गए लोगों में पांच अमेरिकी शामिल हैं.
सरकारी अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण पूर्वी काबुल में शाह शहीद रिहायशी इलाके में स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे विस्फोट हुआ. इसमें करीब 40 राहगीर घायल हो गए. हमले में दो नाटो सैनिक और चार कांट्रैक्टर मारे गए. एक सैन्य सूत्र ने बताया कि हमले में मारे गए दो सैनिक और तीन कांट्रैक्टर अमेरिकी थे. हिज्ब-ए-इस्लामी नामक आंतकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की है. यह संगठन तालिबान से अलग है.
हमले में नाटो का एक एसयूवी वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया. काबुल पुलिस के प्रवक्ता हशमत स्तानिकजई ने बताया, ‘‘स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजे आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदी टोयोटा कार को विदेशी बलों के एक काफिले के समीप उड़ा दिया.’’ अफगान स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी सैयद कबीर अमीरी ने बताया कि स्थानीय अस्पतालों ने 39 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है.
उन्होंने बताया कि कुछ शव इतनी बुरी तरह क्षत विक्षत हो गए हैं कि उन्हें पहचाना नहीं जा सकता. काबुल में पिछला बड़ा हमला नौ मार्च को हुआ था. उस समय साइकिल सवार एक आत्मघाती हमलावर द्वारा किए गए विस्फोट में रक्षा मंत्रालय के बाहर नौ लोग मारे गए थे. यह हमला अमेरिकी विदेश मंत्री चक हेगल की काबुल यात्रा के दौरान किया गया था.
