पाकिस्तान: रावलपिंडी में सांप्रदायिक झड़पों के बाद कर्फ्यू

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान हुई सांप्रदायिक झड़पों में कम से कम 8 लोगों के मारे जाने के बाद प्रशासन ने 24 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया और सेना के जवानों ने आज शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त लगाई. खबरें संकेत देती हैं कि कल हुई हिंसा […]

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान हुई सांप्रदायिक झड़पों में कम से कम 8 लोगों के मारे जाने के बाद प्रशासन ने 24 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया और सेना के जवानों ने आज शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त लगाई.

खबरें संकेत देती हैं कि कल हुई हिंसा के बाद शहर में मोबाइल फोन सेवाएं भी दो और दिनों के लिए निलंबित कर दी गईं. रावलपिंडी की 19 पुलिस चौकियों की सीमा के भीतर 24 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है. रावलपिंडी शहर की पुलिस और बड़ी संख्या में सेना के जवान शहर के विभिन्न हिस्सों में गश्त लगा रहे हैं.

सरकार और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये झड़पें उस समय शुरु हुईं, जब अशूरा जुलूस मुख्य राजा बाजार से होकर गुजर रहा था. शिया मुस्लिम पैगंबर मोहम्मद के नवासे की याद में आयोजित अशूरा में शामिल थे। पिछले कुछ सालों में मुहर्रम के दौरान शियाओं को आतंकी समूहों द्वारा निशाना बनाया जाता रहा है.

एक पुलिस अधिकारी ने कहा , ‘‘प्रारंभिक जांचों से लगता है कि कुछ शरारती तत्वों ने फव्वारा चौक के पास दूसरे संप्रदाय के मदरसे से जुलूस में शामिल होने वाले लोगों पर उंची आवाज में नारे लगाए.’’नाम न बताने की शर्त पर अधिकारी ने कहा, ‘‘इसके बाद कुछ गुस्साए प्रदर्शकारी मदरसे में घुस गए और वहां से तीन छात्रों को खींचकर बाहर ले आए. उन्होंने तीनों छात्रों को पीट-पीटकर मार डाला.’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तनाव उस समय शुरु हुआ जब जुलूस में शामिल किसी व्यक्ति ने गोलीबारी शुरु कर दी। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसवालों की बंदूकें भी ले लीं, जिससे और ज्यादा हिंसा व मौतें हुई. प्रतिद्वंद्वी समूह के सदस्यों ने पथराव और गोलीबारी की. टीवी फुटेज में अज्ञात लोगों को कई बार गोलियां चलाते हुए और प्रतिद्वन्द्वी समूहों को पथराव तथा गोलीबारी करते दिखाया गया है. इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए इस पर रिपोर्ट मांगी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

जिला प्रशासन ने नागरिकों को घरों में रहने की चेतावनी देते हुए कहा है कि कफ्यरू का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंसक युवाओं ने प्रतिद्वंद्वी समूहों पर हमला किया और मौके पर पहुंचे संवाददाताओं के कैमरे भी तोड़ दिए. वीडियो फुटेज में जुलूस में शामिल लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों की पिटाई भी दिखाई गई है. एक प्रत्यक्षदर्शी ने प्रतिद्वन्द्वी समूहों की भीड़ को अस्पताल में इकट्ठे होते देखा, जो एक दूसरे के खिलाफ नारे लगा रहे थे. पाकिस्तान ने मुहर्रम के दौरान किसी आतंकी हमले से बचने के लिए देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी और कई शहरों में मोबाइल सेवाएं भी बाधित कर दी गई थीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >