कोलंबो : तमिलनाडु के राजनीतिक दलों के विरोध के बीच विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए पांच दिन की यात्रा पर आज यहां पहुंचे. उनके साथ विदेश सचिव सुजाता सिंह भी हैं. वह विशेष विमान से पहुंचे. भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर श्रीलंका के उप नागर विमानन मंत्री गुणरत्ने ने उनकी अगवानी की.
विमान में संवाददाताओं से बात करते हुए खुर्शीद ने चोगम बैठक में भाग लेने के भारत के फैसले को सही ठहराया और कहा कि उसे तमिलों के मुद्दे सहित विभिन्न मुद्दों पर श्रीलंका से बात करनी है. उन्होंने कहा कि श्रीलंका में चोगम बैठक में भाग लेने का सरकार का फैसला राष्ट्रीय हित में है.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने तमिलों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया. श्रीलंका में चोगम बैठक में भाग लेने के भारत के फैसले पर नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु विधानसभा ने कल अपने आकस्मिक सत्र में एक प्रस्ताव पारित कर बैठक के पूर्ण बहिष्कार की मांग की थी.
मुख्यमंत्री जयललिता द्वारा लाए गए प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया, जबकि कांग्रेस, पुतिया तामिझगाम और माकपा सदस्य मौजूद नहीं थे तथा पीएमके ने सत्र का बहिष्कार किया.
तमिलनाडु विधानसभा ने 24 अक्तूबर को इसी तरह का प्रस्ताव पारित कर श्रीलंका में तमिलों के कथित नरसंहार और उन्हें समान अधिकार देने में श्रीलंका के विफल रहने पर भारत से बैठक का पूर्ण बहिषकर करने को कहा था.
