बीजिंग: चीन के पूर्व प्रधानमंत्री वेन च्याबो एक नई मिसाल कायम करते हुए अपने पुराने मित्र प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में गुरुवार को भोज का आयोजन करेंगे. वह चीन-भारत के रिश्तों को नया आकार देने के लिए पहले भी कई बार सिंह के साथ मुलाकात कर चुके हैं.
दस साल लंबे कार्यकाल के बाद इस साल की शुरुआत में सेवानिवृत्त हुए वेन पहली बार सार्वजनिक रुप से दिखाई देंगे. चीन के नेता सामान्य तौर पर पद छोड़ने के बाद बहुत कम ही दिखाई देते हैं. वेन 24 अक्तूबर को मनमोहन सिंह की यात्रा के अंतिम दिन यहां एक प्रसिद्ध गेस्ट हाउस में भोज का आयोजन कर रहे हैं.
जानकारों के अनुसार पहली बार कोई सेवानिवृत्त शीर्ष नेता किसी विदेशी मेहमान नेता का मेजबान बनेगा. इसी तरह एक और अनौपचारिक अभिव्यक्ति में प्रधानमंत्री ली क्विंग कल सिंह को ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल के पास स्थित ऐतिहासिक फॉरबिडन सिटी में सैर के लिए ले जाएंगे और उन्हें चीन के सबसे प्रसिद्ध प्राचीन पर्यटन स्थल का दीदार कराएंगे.
