वलेता : माल्टा और सिसली के बीच कल प्रवासियों की एक नौका डूब जाने से उसमें सवार करीब 50 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक दर्जन बच्चे भी शामिल हैं.इतालवी संवाद समिति ‘अंसा’ के अनुसार माल्टा के एक पोत ने नौका पर सवार 150 प्रवासियों को बचा लिया जबकि 50 को इटली की नौसेना ने बचाया.एक सप्ताह पहले ही लम्पेंडुसा के पास एक नौका पलटने से 300 शणार्थियों की मौत हो गई थी.
प्रवासियों ने इतालवी द्वीप लम्पेंडुसा के नजदीक माल्टा जलक्षेत्र में नौका के मुश्किल में फंसने पर सेटेलाइट फोन का इस्तेमाल कर अधिकारियों को सतर्क किया.माल्टा की नौसेना ने कहा कि नौका तब पलट गई जब इसमें सवार लोगों ने नौका के एक तरफ एकत्र होकर एक सैन्य विमान का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की.
माल्टा ने नौका में फंसे लोगों की मदद के लिए राहत पोत और हेलीकॉप्टरों को भेजा और क्षेत्र से व्यापारिक पोतों का रुख दूसरी ओर कर दिया. इटली ने मदद के लिए हेलीकॉप्टर और नौसेना के दो पोतों को भेजा.
