नई दिल्ली : भारत में फ्रांस के राजदूत फ्रेंकोइस रिचर का कहना है भारत में फ्रेंच भाषा के पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने और फ्रेंच में लिखी किताबों की मांग बढ़ने के चलते यहां फ्रांसीसी साहित्य की लोकप्रियता बढ़ रही है.
हाल ही में ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर में फ्रेंच किताबों के सेक्शन में एक नई किताब के विमोचन अवसर पर फ्रेंकोइस रिचर ने कहा, ‘‘पहले के दशकों के मुकाबले अब ज्यादा विद्यार्थी स्कूल में फ्रेंच सीख और बोल रहे हैं. ज्यादा लोग अब फ्रेंच भाषा व साहित्य को प्रोत्साहन देने वाले इंस्टिट्यूट फ्रेंकोइस संस्थान से जुड़ने के इच्छुक हैं, इसलिए फ्रेंच साहित्य की लोकप्रियता भी यहां बढ़ रही है.’’
रिचर ने कहा, ‘‘फ्रेंच बुकस्टोरों में हम भारतीय लेखकों के लिए अलग सेक्शन बनाकर रखते हैं लेकिन ऐसा यहां फ्रांसीसी लेखकों के लिए नहीं था। इसलिए हम फ्रेंच पढ़ने वाले लोगों के लिए वे चीजें लेकर आए जो फ्रांस उन्हें दे सकता है और हम भारत से जुड़ी उन चीजों को भी लाए जिनके बारे में पढ़ना फ्रांस में पसंद किया जाता है.’’ भारत में फ्रांसीसी दूतावास का पुस्तक कार्यालय और ऑक्सफोर्ड बुकस्टोर नई दिल्ली में फ्रेंच पाठकों के लिए फ्रांसीसी साहित्य के उत्कृष्ट अंश यहां संयुक्त रुप से लेकर आए हैं.
