अफगान और तालिबान के बीच वार्ताओं का सुरक्षा परिषद ने किया स्वागत
संयुक्त राष्ट्र: युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान में ‘शांति एवं सुलह समझौते’ की दिशा में कदम बढाते हुए हाल ही में अफगान सरकार और तालिबान के बीच आयोजित वार्ताओं का संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने स्वागत किया है. प्रेस को जारी किए गए बयान में 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि वह इन वार्ताओं में शामिल […]
संयुक्त राष्ट्र: युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान में ‘शांति एवं सुलह समझौते’ की दिशा में कदम बढाते हुए हाल ही में अफगान सरकार और तालिबान के बीच आयोजित वार्ताओं का संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने स्वागत किया है.
प्रेस को जारी किए गए बयान में 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि वह इन वार्ताओं में शामिल पक्षों को प्रोत्साहित करती है कि वे ‘एक समावेशी, अफगान नेतृत्व एवं अफगान स्वामित्व वाली वार्ता’ के जरिए अपने प्रयासों पर काम करना जारी रखें। इसके साथ ही परिषद ने पाकिस्तान, चीन और अमेरिकी सरकारों द्वारा निभाई गई ‘सकारात्मक भूमिकाओं’ की सराहना भी की.
बयान में कहा गया कि परिषद के सदस्यों ने ‘‘शांति एवं सुलह समझौतों की दिशा में एक कदम के रुप में इन सीधी वार्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने वार्ता में शामिल पक्षों को प्रोत्साहित किया कि वे एक समावेशी, अफगान नेतृत्व एवं अफगान स्वामित्व वाली वार्ता के जरिए इन प्रयासों पर काम करना जारी रखें।’’ ऐसा ही काबुल सम्मेलन की विज्ञप्ति में भी कहा गया था. इन वार्ताओं का आयोजन सात जुलाई को पाकिस्तान में हुआ था। ये वार्ताएं अफगान सरकार और समूह के बीच विश्वास बहाली की वार्ताओं की श्रृंखला का पहला चरण है.
दोनों पक्षों के बीच इस बातचीत का स्वागत करने के साथ-साथ सुरक्षा परिषद ने कहा कि शांति की प्रक्रिया में महिलाओं को ‘‘अहम भूमिका’’ निभानी होगी। इसके साथ ही परिषद ने ‘‘इस प्रक्रिया के सभी चरणों में महिलाओं के पूर्ण, समान और प्रभावी भागीदारी’’ का एकबार फिर आह्वान किया.
परिषद के सदस्यों ने शांति, सुलह एवं समझौते, लोकतंत्र और विकास के मार्ग पर अफगानिस्तान को सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता को एकबार फिर दोहराया.परिषद के इस बयान से पहले अफगानिस्तान में संयुक्तराष्ट्र के विशेष प्रतिनिधि निकोलस हेसम ने एक बयान में कहा था कि इन वार्ताओं को अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच रिश्तों के पुर्ननिर्माण के लिए किए जाने वाले हालिया प्रयासों के नतीजों के रुप में देखा जा सकता है.