ब्रसेल्स: राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और बेल्जियम के राजा कल यहां भारत की विविध संस्कृति और धरोहर को समेटे एक विशाल महोत्सव का उद्घाटन करेंगे. यह सांस्कृतिक महोत्सव चार महीने तक चलेगा.मुखर्जी चार दिन के बेल्जियम दौरे पर हैं. समारोह स्थल पर बेल्जियम के राजा फिलिप उनकी अगवानी करेंगे.इसके बाद दोनों नेता ‘यूरोपालिया इंडिया’ नामक सांस्कृतिक महोत्सव का पारपंरिक रुप से दीप जलाकर उद्घाटन करेंगे.
मुखर्जी बेल्जियम का दौरा करने वाले पहले भारतीय राष्ट्राध्यक्ष हैं. वह छह दिन के आधिकारिक दौरे के पहले चरण में कल यहां पहुंचे. बेल्जियम के बाद वह तुर्की जाएंगे.सद्भाव का परिचय देते हुए राजा फिलिप ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर मुखर्जी की अगवानी की थी.
यूरोप के दर्शक 450 कार्यक्रमों के जरिए भारत की विविध धरोहर से रुबरु हो सकेंगे. ये कार्यक्रम बेल्जियम और पड़ोसी देशों में आयोजित किए जाएंगे.समारोह का आयोजन चार अक्तूबर से आरंभ होगा और यह अगले साल 26 जनवरी तक चलेगा.समारोह में भारतीय मूर्तिकलाओं, नृत्यों, साहित्य, इतिहास, लोक कला तथा संगीत को यूरोप के दर्शकों के समक्ष परिचर्चा, मंचन और प्रदर्शनकारी के जरिए पेश किया जाएगा.
