हनोइ : वुतिप तूफान ने केंद्रीय वियतनाम में तबाही मचा रखी है, जहां कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है , 26 लोग घायल हुए हैं और 70 से अधिक मछुआरे लापता बताए जा रहे हैं.सरकारी मीडिया की खबर के मुताबिक, साम्यवादी देश में कल आए इस तूफान में 103 किलोमीटर (64 मील )प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं के कारण करीब ढाई लाख घर क्षतिग्रस्त हो गए और हजारों एकड़ फसल बाढ़ से बर्बाद हो गई है.
दक्षिण चीन सागर में आए वुतिप तूफान के कारण उग्र समुद्र में चीन की मछली पकड़ने वाली तीन नौकाएं डूब गईं। चीनी नौसैनिक युद्धपोत और विमानों को बचाव अभियान में लगा दिया गया.चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्ह्वा ने नौसेना अधिकारियों के हवाले से दक्षिण चीन सागर में 70 से अधिक लोगों के लापता होने की खबर दी है.
