बाउची, नाइजीरिया: उत्तरी पूर्वी नाइजीरिया के सबसे बडे शहर में एक भीड भरी मस्जिद के पास दो लडकियों ने खुद को विस्फोटक से उडा लिया जिससे करीब 30 लोगों की मौत हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी जानकारी दी.माइदुगुरी में यह इस महीने का चौथा आत्मघाती हमला है, जो कि इस्लामिक अतिवादी संगठन बोको हराम का उद्गम केंद्र है.
मछली विक्रेता इदी इदरीशा ने बताया कि एक किशोर लडकी ने बागा रोड मछली मार्केट के नजदीक स्थित मस्जिद के पास जाकर खुद को उडा लिया जहां लोग पवित्र रमजान के महीने में दोपहर की नमाज अदा कर रहे थे.
उन्होंने बताया कि दूसरी किशोरी भागती हुई दिखाई दी और कुछ दूर जा कर उसने खुद को विस्फोट से उडा लिया. इस हमले में वह अकेली मारी गई.एक सुरक्षा कर्मी समा इला अबू ने बताया कि उसने कम से कम 30 शव देखे. हमलों में कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बोको हराम ने सैकडों लडकियों और महिलाओं का अपहरण किया है तथा महिला आत्मघाती हमलावरों की संख्या देख कर आशंका होती है कि क्या बोको हराम अपहृत लडकियों का उपयोग अपने अभियान में कर रहा है.
सेना के एक बम निरोधक विशेषज्ञ ने बताया कि लडकियों और महिलाओं द्वारा पकडे गए ज्यादातर बम रिमोट संचालित विस्फोटक उपकरण होते हैं. इसका मतलब यह है कि बम वाहक का विस्फोट पर कोई नियंत्रण नहीं होता.
