इस्लामाबाद: मणिशंकर अय्यर के नेतृत्व वाले भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने आज ‘ट्रैक-2’ संवाद के लिए अपने पाकिस्तानी समकक्षों से मुलाकात की. यह संवाद व्यापार, जल और अधिकार के मुद्दों पर केंद्रित है.अय्यर ने पाकिस्तान में लोकतांत्रिक व्यवस्था के गतिशील होने पर खुशी जताते हुए कहा कि 13 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे का मकसद बातचीत की प्रक्रिया को जारी रखना है.
उन्होंने ‘पाकिस्तान-भारत सांसद संवाद-5’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बातचीत को जारी रखने की जरुरत है.’’ इस कार्यक्रम का आयोजन पाकिस्तानी थिंकटैंक ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर लेजिस्लेटिव डेवलपमेंट एंड ट्रांसपैरेंसी’ की ओर से किया गया.अय्यर ने कहा कि इस्लामाबाद में ऐतिहासिक लोकतांत्रिक परिवर्तन की वजह से पाकिस्तान और भारत एक दूसरे के निकट आएंगे.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सत्ता में आने से बहुत उम्मीदें पैदा हुईं, लेकिन हालिया घटनाओं ने भारत में लोगों को परेशान किया है. अय्यर ने पाकिस्तान की पूर्व विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार का हवाला देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच ‘निर्बाध संवाद’ की जरुरत है.भारतीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सीमा पार आतंकवाद जैसी बुनियादी समस्या पर काम किए बगैर कोई बातचीत नहीं होनी चाहिए.’’शरीफ के विदेश एवं राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने विदेश विभाग में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के लिए दोपहर के भोज का आयोजन किया.
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी (जदयू), डीपी त्रिपाठी (राकांपा), अनु आगा, एसपी सिंह बघेल (बसपा), रामकृपाल यादव (राजद), सीपी नारायणन (भाकपा), वैष्णव पारिदा (बीजद), वीरेंद्र प्रसाद वैश्य (अगप), मोहम्मद अदीब, टीएन सीमा (माकपा) और लोकसभा सदस्य असद्दुदीन ओवैसी (एआईएमआईएम) शामिल हैं.पाकिस्तानी थिंक टैंक की संयुक्त निदेशक आसिया रियाज ने पीटीआई से कहा, ‘‘दोनों देशों के सांसदों के बीच बातचीत का विचार है जो अपने देश की जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं. ’’
