लंदन: अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने आज सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने अपने रासायनिक हथियार अंतराष्ट्रीय नियंत्रण में नहीं दिए तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने अपने ब्रिटिश एवं फ्रांसीसी समकक्षों विलियम हेग तथा लॉरेंत फैबियस के साथ पेरिस में एक साझा प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘अगर असद शासन ऐसा मानता है कि यह (समझौता) कार्याविन्वत नहीं किया जा सकता और हम गंभीर नहीं है तो वे इस पूरे प्रक्रिया में हल्के में लेंगे.’’ रुस और अमेरिका के बीच हुए समझौते के अनुसार सीरिया के एक सप्ताह के भीतर अपने संपूर्ण रासायनिक हथियारों का खुलासा करेगा तथा इन हथियारों को 2014 के मध्य तक नष्ट किया जाएगा. केरी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव बाध्यकारी, जवाबदेह, पारदर्शी और समयबद्ध होना चाहिए.
उन्होंने कहा, ‘‘यह महत्वपूर्ण है कि सुरक्षा परिषद के तीन स्थायी सदस्य देश आज यह तय करने को लेकर यहां एकसाथ खड़े हैं कि क्या करने की जरुरत है. कूटनीति के विफल होने पर सैन्य कार्रवाई एक विकल्प होना चाहिए.’’फैबियस ने कहा, ‘‘हम सुरक्षा परिषद से एक मजबूत प्रस्ताव चाहते हैं जिसमें यह बात शामिल हो कि अगर योजना का कार्यान्वयन नहीं हो पाया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.’’
