लॉस एंजिलिस : ‘‘द किंग्स स्पीच’’ के स्टार कॉलिन फर्थ लेखक माइकल बॉन्ड की बच्चों की किताब पर आधारित एक नई फिल्म में पैडिंगटन बीयर नाम के चरित्र की आवाज बनने वाले हैं.कॉन्टैक्ट म्यूजिक की खबर के अनुसार यह फिल्म बॉन्ड के बाल चरित्र पैडिंगटन बीयर का बड़े पर्दे पर रुपांतरण है जिसमें 53 वर्षीय ऑस्कर विजेता अभिनेता इस टेडी बीयर की आवाज बनेंगे.
यह किताब पेरु के एक जिज्ञासु भालू की कहानी है जो ब्रिटेन की राजधानी में आने के बाद खो जाता है.ब्राउन नाम का परिवार इस भालू को अपने घर ले आता है और पैडिंगटन ट्रेन स्टेशन से लाने के कारण वह लोग उसका नाम पैडिंगटन रख देते हैं.फर्थ ने कहा, ‘‘पैडिंगटन का निर्माण कम्प्यूटर से किया जाएगा और मैं थोड़े पेरुवासियों के लहजे में उसके संवाद बोलूंगा. फिल्म के बाकी सभी चरित्र वास्तविक, जीवित और इंसान होंगे.’’
