मास्को, जिनेवा: सीरिया के रासायनिक हथियारों को अंतरराष्ट्रीय नियंत्रण में लाने के प्रयास आज जिनेवा में शुरु हुए जहां अमेरिका तथा रुस के शीर्ष नेताओं ने किसी तरह के सैन्य हस्तक्षेप को टालने के लिए मास्को के चार चरणों की योजना पर बातचीत की. वहीं रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ताजा संकट पर अमेरिकियों से निजी तौर पर अपील की.
जिनेवा में अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और रुस के विदेश मंत्री सरजेइ लावरोव के बीच चार चरणों की योजना पर वार्ता कल भी होगी और यह शनिवार तक जारी रह सकती है. रुस की योजना में सीरिया का रासायनिक हथियार रोकथाम संगठन में शामिल होना भी शामिल है. इस वार्ता में योजना का मसौदा तैयार होना है कि सीरिया कब और कैसे रासायनिक हथियारों के जखीरों को सौंपेगा.
इस वार्ता से पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद ने आज कहा कि सीरिया रुस के प्रस्ताव के कारण अपने रासायनिक हथियारों का आत्मसमर्पण करने पर सहमत हुआ है, अमेरिकी धमकी के कारण नहीं. असद ने रुस के सरकारी चैनल ‘रशिया 24’ से कहा कि सीरिया रुस के कारण अपने रासायनिक हथियारों को अंतरराष्ट्रीय नियंत्रण में सौंप रहा है..अमेरिकी धमकी का रासायनिक हथियार सौंपने के फैसले पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.
मास्को द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में पेश की गई योजना का उददेश्य सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन के खिलाफ अमेरिका नीत सैन्य हमले को रोकना है. अमेरिका असद को 21 अगस्त को दमिश्क के बाहर रासायनिक हथियार से करीब 1000 नागरिकों की हत्या के लिए जिम्मेदार मानता है.
