सीरिया पर कार्रवाई नहीं करना जोखिम भरा : अमेरिका

* असद ने दी चेतावनी वाशिंगटन (लंदन) : अमेरिका ने आज कहा कि सीरियाई शासन द्वारा रासायनिक हथियारों के कथित उपयोग पर कोई कदम नहीं उठाना सैन्य हमलों से ज्यादा जोखिम भरा है. वहीं, संकट में फंसे सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को चेताते हुए कहा कि वे जवाब […]

* असद ने दी चेतावनी

वाशिंगटन (लंदन) : अमेरिका ने आज कहा कि सीरियाई शासन द्वारा रासायनिक हथियारों के कथित उपयोग पर कोई कदम नहीं उठाना सैन्य हमलों से ज्यादा जोखिम भरा है. वहीं, संकट में फंसे सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को चेताते हुए कहा कि वे जवाब में हर कार्रवाईके लिए तैयार रहें.

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने लंदन में कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि हमें इस क्षण से बचना चाहिए, कार्रवाई नहीं करना कार्रवाई से ज्यादा जोखिम भरा है.’’ केरी ने कहा कि अगर एक पक्ष (असद) को लगता है कि वह अपने असंख्य नागरिकों को खत्म कर सकता है तो वह बातचीत की मेज पर कभी नहीं आएंगे.

सप्ताहांत पर सांसदों से बात करने और उनसे मिलने वाले राष्ट्रपति बराक ओबामा अगले दो दिन मीडिया के सामने आकर युद्ध से डर रहे अमेरिकियों को इस बात पर राजी करने का प्रयास करेंगे कि अमेरिका की लंबी अवधि की सुरक्षा के लिए सीरिया पर हमला जरुरी है.

अमेरिका का आरोप है कि असद शासन ने 21 अगस्त को रसायन सरीन का उपयोग किया जिसमें 400 बच्चों सहित 1429 लोग मारे गये. सीरिया सरकार ने इस आरोप से इंकार किया है. सीरिया पर एक तरफा हमले का विरोध करने वाले रुस ने आज सीरिया के खिलाफ सैन्य हमले के खिलाफ चेताया और कहा कि इससे क्षेत्र में आतंकवाद भड़कने का जोखिम है.

इस बीच, असद ने चेताया कि अगर राष्ट्रपति ओबामा सीरिया पर सैन्य हमला करने का फैसला करते हैं तो अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को जवाब में हर कार्रवाई के लिएतैयार रहना चाहिए.

असद ने सीरिया में सैन्य हमले के लिए कांग्रेस से मंजूरी लेने के ओबामा के प्रयास के बाद पहली बार टेलीविजन साक्षात्कार में कल सीबीएस न्यूज से कहा कि आप हर चीज के लिए तैयार रहें. जरुरी नहीं कि वह सरकार की ओर से ही हो. ईरान और आतंकवादी संगठन हिजबुल्ला के रुप में अपने सहयोगियों के स्पष्ट संदर्भ में असद ने चेताया कि उनकी सरकार इस क्षेत्र में अकेली नहीं है.

असद ने कहा कि इस क्षेत्र में अब विभिन्न दल, विभिन्न गुट, विभिन्न विचारधारा सहित अन्य हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिकी हमले के जवाब में रासायनिक हथियारों का उपयोग भी किया जा सकता है, असद ने कहा कि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि इस क्षेत्र के विद्रोहियों या आतंकवादियों या अन्य संगठन के पास यह (रासायनिक हथियार) है या नहीं. ऐसा हो सकता है, मुझे नहीं पता. मैं भविष्य के बारे में नहीं बता सकता.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >