आबुजा : नाइजीरिया के उत्तर पूर्वी बोर्नो राज्य में नाइजीरियाई सेना ने एक हमले में कट्टरपंथी समूह बोको हरम के कम से कम 50 सदस्यों को मार गिराया.
सेना के प्रवक्ता सागिर मूसा ने कहा कि कल विद्रोहियों के शिविर पर धावा बोला गया. विद्रोहियों ने इससे पहले इस हफ्ते 15 नागरिकों की हत्या कर दी थी. उन्होंने बताया कि विद्रोहियों के कब्जे वाले एक गांव को मुक्त करा लिया गया है.
मूसा ने कहा, अब सैनिक फरार आतंकवादियों की तलाश में लग गये हैं. विद्रोहियों ने बुधवार को दो गांवों गजीरम और बुलाबिन पर हमला कर 15 लोगों की हत्या कर दी थी और कई अन्य को घायल कर दिया था. नाइजीरिया सरकार ने देश के तीन उत्तर पूर्वी राज्यों में इस्लामी आतंकवादियों से लड़ाई को लेकर आपातकाल घोषित किया था.
