लंदन: बीच रास्ते में बम रखे होने की झूठी सूचना मिलने पर कतर एयरवेज के एक विमान को एक ब्रिटिश लडाकू विमान ने आज मैनचेस्टर हवाई अड्डा पर उतार दिया, जबकि इस सिलसिले में एक व्यक्ति को आज गिरफ्तार कर लिया गया.
विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 282 यात्री सवार थे. पायलट से इस बारे में सूचना मिलने पर कतर एयरवेज के विमान को रॉयल एयर फोर्स ने हवाई अड्डे पर उतारा.कतर एयरवेज ने एक बयान में बताया, ‘‘दोहा से मैनचेस्टर उडान क्यूआर 23 (एयरबस ए 330..3000) को इसके पहुंचने के निर्धारित समय से पहले मैनचेस्टर हवाई अड्डा पर सुरक्षित रुप से उतारा गया.’’ इसमें 269 यात्री और कतर एयरवेज के चालक दल के 13 सदस्य थे
एयरलाइन ने बताया कि चालक दल को विमान में एक संभावित उपकरण होने की धमकी भरी सूचना मिली थी और कतर एयरवेज ने फौरन ही सारे एहतियात बरतते हुए ब्रिटिश अधिकारियों को सतर्क कर दिया.इसने बताया कि चालक दल के सदस्य अब हवाई अड्डे पर जांच में पुलिस की पूरी सहायता कर रहे हैं. हमारे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता है. चूंकि यह एक पुलिस जांच का मामला है इसलिए फिलहाल हम इस पर और टिप्पणी नहीं कर सकते.
विमान के उतरने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया. उस पर बम रखे होने की झूठी सूचना देने का संदेह है. इस व्यक्ति ने कथित तौर पर चालक दल के एक सदस्य को एक पत्र थमाते हुए दावा किया कि विमान में एक बम है.
