वाशिंगटन : रंगभेद विरोध के प्रतीक नेल्सन मंडेला को अपना निजी नायक बताते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अफ्रीकी नेता इस धरती की शोभा बढाने वाले सबसे प्रभावशाली, साहसी और पूरी तरह से सम्माननीय व्यक्तियों में से एक थे.
नेल्सन मंडेला अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर दुनिया भर के लोगों के साथ जुडते हुए ओबामा ने कहा, ‘‘मेरे और अन्य असंख्य लोगों के निजी नायक, नेल्सन मंडेला इस धरती की शोभा बढाने वाले सबसे प्रभावशाली, साहसी और पूरी तरह से सम्माननीय व्यक्तियों में से एक थे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘न्याय और समानता के लिए लडने वाले एक सम्मानित योद्धा मंडेला ने हमें एक बेहतर दुनिया के वादे में यकीन करने की वजह दी. आज-मडीबा का जन्मदिन है. पिछले साल वह इस दुनिया से चले गए लेकिन हमारे जीवन पर उनका प्रभाव सुस्पष्ट है और उनकी प्रेरणा आज भी मौजूद है.’’
‘मडीबा’ के नाम से लोकप्रिय मंडेला का जन्म 18 जुलाई 1918 को हुआ था. उनका निधन पिछले साल 5 दिसंबर को 95 साल की उम्र में फेफडों से संबंधित संक्रमण के चलते हो गया था. ओबामा ने कहा, ‘‘एक विनम्र और प्रतिबद्ध जनसेवक, मडीबा ने कहा था कि इस दिन को एक छुट्टी के रुप में नहीं मनाया जाए बल्कि इसे अपनी सेवाओं के प्रति समर्पित किया जाए.
उन्हें उम्मीद थी कि लोग अपना समय और प्रयास का उपयोग अपने समुदाय के भीतर की स्थितियों को सुधारने के लिए समर्पित करेंगे. उनका कहना था कि यदि कोई अपना समय और उर्जा दूसरों की मदद में दे रहा है और इसके बदले में किसी भी चीज की अपेक्षा नहीं रख रहा तो इससे बडा उपहार कोई हो ही नहीं सकता.’’ ओबामा ने कहा, ‘‘हम मडीबा जैसा व्यक्ति शायद दोबारा न देख सकें, लेकिन आज और बाकी दिनों में समय निकालकर सेवा कार्यों से जुडकर उनका सम्मान और अनुकरण जरुर कर सकते हैं.’’
