बगदाद : इराक के सुरक्षा बलों ने सद्दाम हुसैन के गृह नगर तिकरित में जवाबी हमला तेज कर दिया जबकि सुन्नी आतंकवादियों के संगठन का नेतृत्व करने वाले जिहादियों ने अपने नियंत्रण वाले इलाकों में खलीफा का शासन घोषित कर दिया.
बहरहाल रुस ने संकट में फंसे बगदाद को लडाकू विमानों की आपूर्ति की है. इराक में पिछले कुछ हफ्ते से चल रहे संकट के दौरान एक हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं. विश्व के नेताओं ने चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक रुप से बंटे वर्गों के बीच संघर्ष का सैन्य समाधान नहीं हो सकता.
चौतरफा घिरे प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने कहा है कि संकट को खत्म करने के लिए राजनीतिक समाधान आवश्यक है वहीं उनके सुरक्षा प्रवक्ता का कहना है कि तिकरित अभियान न केवल रणनीतिक रुप से महत्वपूर्ण है बल्कि सुरक्षा बलों के नैतिक मनोबल को उंचा करने के लिए भी आवश्यक है.
