नाइजीरिया की अगवा लड़कियों को छुड़ाने में अमेरिका करेगा मदद : ओबामा

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि उनका प्रशासन अगवा की गई 300 किशोरियों को छुडाने के लिए नाइजीरिया की हरसंभव मदद करेगा. गौरतलब है कि तीन सप्ताह पहले एक इस्लामी चरमपंथी समूह ने इन लड़कियों को अगवा कर लिया था और अब उन्हें बेचने की धमकी दे रहा है. बोको […]

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि उनका प्रशासन अगवा की गई 300 किशोरियों को छुडाने के लिए नाइजीरिया की हरसंभव मदद करेगा. गौरतलब है कि तीन सप्ताह पहले एक इस्लामी चरमपंथी समूह ने इन लड़कियों को अगवा कर लिया था और अब उन्हें बेचने की धमकी दे रहा है.

बोको हरम संगठन द्वारा लडकियों का अपहरण किये जाने की घटना को अमेरिकी राष्ट्रपति ने घृणित और हृदय विदारक करार दिया. सीबीएस न्यूज के साथ साक्षात्कार में ओबामा ने कहा, निश्चित रुप से जो हुआ, वह घृणित है और दो लड़कियों का पिता होने के नाते मैं इसकी कल्पना नहीं कर सकता हूं कि माता-पिता पर क्या गुजर रही होगी. एक अन्य साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि लड़कियों को बचाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी.

ओबामा ने कहा, अल्पकालिक तौर पर हमारा लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय समुदाय की मदद करने का है और नाइजीरिया सरकार के लिए एक दल के रुप में हम लोग लड़कियों को छुडाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे. ओबामा की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि उन्होंने नाइजीरियाई राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है. जोनाथन ने स्कूली लड़कियों की तलाश के लिए खुफिया, जांच और वार्ता के लिए विशेषज्ञों की सहायता मांगी थी.

यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि लेडी कैथरीन एश्टन के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में केरी ने कहा, मुझे लगता है कि अब जो जटिलताएं पैदा हुयी हैं उससे सबको ऐसा महसूस होने लगा है कि बेहतर प्रयासों की जरुरत है और ये जल्द शुरु किए जाएंगे. उन्होंने कहा, हम लोग संपर्क में हैं, हमारा दूतावास संपर्क में है. हम अफ्रीकॉम के साथ बात कर रहे हैं, हम विभिन्न संस्थाओं से बात कर रहे हैं, और मुझे लगता है कि जल्द ही आप लोगों को बहुत अच्छी खबर मिलेगी.

केरी ने कहा कि जानकारी देने के लिए आबूजा के अमेरिकी दूतावास में एक समन्वय डेस्क तैयार किया गया है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन इस प्रस्ताव से बहुत खुश हैं और इस पर तुरंत आगे की कार्रवाई करना चाहते हैं. इस बीच, सदन में डेमोक्रेटिक दल की नेता नैंसी पेलोसी ने लड़कियों की सुरक्षित रिहाई का आह्वान किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >