वाशिंगटन: व्हाइट हाउस की पूर्व इंटर्न मोनिका लेविंस्की ने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ अपने प्रेम संबंधों को लेकर चुप्पी तोडते हुए कहा है कि हालांकि दोनों के बीच संबंध आपसी सहमति से थे लेकिन पूर्व राष्ट्रपति ने उनका फायदा उठाया. मोनिका ने ‘वैनिटी फेयर’ पत्रिका के लिए लिखे एक विशेष लेख में लिखा, ‘‘ मेरे और राष्ट्रपति क्लिंटन के बीच जो हुआ, मुझे उसका बहुत खेद है. मैं दोबारा यह कहना चाहती हूं: जो हुआ, मुझे, स्वयं, उसका बहुत खेद है.’’
चालीस वर्षीय मोनिका ने कहा कि अब ‘‘मैंने अंतत: निर्णय लिया है कि मैं अपनी राय प्रकट करुंगी. मुझे इसकी क्या कीमत चुकानी पडेगी, इसका पता मुझे जल्द ही चल जाएगा.’’ पूरा लेख आठ मई को उपलब्ध होगा. उन्होंने अपने लेख में लिखा, ‘‘ निस्संदेह मेरे बॉस ने मेरा फायदा उठाया लेकिन मैं हमेशा इस बात पर अडिग रहूंगी कि हम दोनों के बीच संबंध आपसी सहमति से थे.’’ मोनिका ने कहा, ‘‘कुछ लोगों के बीच यह चर्चा थी कि क्लिंटन ने मुङो पैसे दिए होंगे, अन्यथा मैं चुप क्यों रही होती? मैं आपको भरोसा दिलाती हूं कि यह पूरी तरह से झूठ है.’’
उन्होंने कहा कि जब 1998 में क्लिंटन के साथ उनके प्रेम संबंधों की खबर सामने आई तो वह केवल ऐसी महिला नहीं थी जिन्हें दुनिया में सबसे अधिक अपमानित होना पडा, बल्कि ‘‘ड्रज रिपोर्ट, के कारण संभवत: मैं पहली ऐसी महिला थी जिसका इंटरनेट पर वैश्विक अपमान किया गया.’’ मोनिका ने कहा कि उनका मौजूदा लक्ष्य, ‘‘ऑनलाइन अपमान एवं उत्पीडन के पीडितों के लिए काम करना और सार्वजनिक मंच पर इस विषय पर बोलना शुरु करना है.’’
