वॉशिंगटन : भारत द्वारा वर्ष 1998 में परमाणु परीक्षण किए जाने के बाद अमेरिका के साथ उसके रिश्तों में आए ठहराव को दूर कर उन्हें पुनर्जीवित करने में अहम भूमिका निभाने वाले एक पूर्व शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने कहा है कि भारत में हो रहे आम चुनाव पहले की तुलना में इस बार देश में कहीं ज्यादा ध्यान आकर्षित कर रहे हैं.
प्रमुख अमेरिकी विचार समूह बू्रकिंग इन्स्टीट्यूट के अध्यक्ष स्ट्रोब टालबोट ने कहा मेरी राय है कि भारत में इन दिनों हो रहे आम चुनाव अमेरिका में बहुत ज्यादा ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. उनके अनुसार, ऐसा काफी लंबे समय के बाद हो रहा है.
टालबोट ने भारतीय चुनावों पर एक पैनल बहस के दौरान वाशिंगटन में कहा यह मूलत: अच्छी बात है. हम अमेरिकियों ने दशकों से भारत पर उस तरह ध्यान नहीं दिया जैसा दिया जाना चाहिए था। ज्यादातर अमेरिकी इन चुनावों पर ध्यान दे रहे हैं.
पूर्ववर्ती राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के कार्यकाल में उप विदेश मंत्री रहे टालबोट ने भारत के तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह के साथ कई बार अहम बातचीत की थी. भारतीय चुनावों की ओर अमेरिकियों का अधिक ध्यान जाने संबंधी टालबोट की टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब अमेरिकी मीडिया में भारतीय चुनावों को पर्याप्त कवरेज न दिए जाने की आलोचना हो रही है.
