होटल इंडस्ट्री विदेश जाने के दे भरपूर मौके

होटल मैनेजमेंट को एक कामयाब और बेहतरीन कैरियर विकल्प के रूप में देखा जाने लगा है. इसके कई कारण हैं. इस क्षेत्र में अच्छा वेतन, काम करने का अच्छा माहौल, विदेश जाने के अवसर एवं स्वरोजगार की संभावनाएं भी होती हैं. हां, मगर यह सब हासिल करने के लिए छात्र में बेहतरीन प्रशिक्षण, समर्पण और […]

होटल मैनेजमेंट को एक कामयाब और बेहतरीन कैरियर विकल्प के रूप में देखा जाने लगा है. इसके कई कारण हैं. इस क्षेत्र में अच्छा वेतन, काम करने का अच्छा माहौल, विदेश जाने के अवसर एवं स्वरोजगार की संभावनाएं भी होती हैं. हां, मगर यह सब हासिल करने के लिए छात्र में बेहतरीन प्रशिक्षण, समर्पण और खुद को निखारने का जज्बा होना आवश्यक है.

आकड़ों के नजरिये से यह क्षेत्र
एसोचैम और येस बैंक के संयुक्त अध्ययन पर गौर करें, तो भारत में पर्यटन क्षेत्र के बढ़ते कारोबार के चलते अगले एक दशक में यह दुनिया में तीसरे स्थान पर होगा. रिपोर्ट में कहा गया है कि 2019 तक पर्यटन एवं यात्रओं में भारत सबसे तेजी से विकसित होनेवाला पांचवां बड़ा देश होगा. इसके मुताबिक 2019 तक पर्यटन क्षेत्र में 94 अरब 50 करोड़ डॉलर का पूंजी निवेश होने की संभावना है.

होटल इंडस्ट्रीज का काम
होटल इंडस्ट्रीज में बतौर प्रशिक्षु से लेकर प्रबंधक तक ढेरों अवसर मौजूद हैं, जहां छात्र अपने कैरियर की राहें आसानी से तय कर सकते हैं. इसमें प्रबंधक, फ्रंट ऑफिस, फूड एंड बेवरेज, हाउसकीपिंग, मार्केटिंग आदि विभाग तक पहुंचा जा सकता है.

कैसे हैं कोर्स
इस क्षेत्र में कई तरह के कोर्स उपलब्ध हैं. कुछ को 10वीं, तो कुछ को 12वीं के बाद किया जा सकता है. स्नातक करने के बाद भी रास्ता खुला रहता है. यानी डिग्री, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा सभी तरह के कोर्स मौजूद हैं. बेकरी एंड कंफैक्शनरी या होटल रिसेप्शन एंड बुक कीपिंग या रेस्तरां व काउंटर सर्विस में एक साल का डिप्लोमा, डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट, बीएससी इन होटल मैनेजमेंट, फ्रंट ऑफिस एंड टूरिज्म मैनेजमेंट जैसे कोर्स काफी चर्चित हैं.

योग्यताएं पूरी करना है जरूरी
इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 12वीं या स्नातक होना जरूरी है. 12वीं में अंगरेजी एक अनिवार्य विषय के रूप में पढ़ी होनी चाहिए. इस इंडस्ट्री में कामयाब होने के लिए कुछ व्यक्तिगत गुणों को होना भी जरूरी है. जैसे मृदुभाषी होना, आकर्षक व्यक्तित्व का होना, दोस्ताना रवैया, कितनी भी परेशानी हो चेहरे पर शिकन न आने देना, प्रशासनिक दक्षता, काम को समय पर सहज होकर करने की क्षमता, अतिथि क्या चाहते हैं, उसे जल्दी भांपना, अंगरेजी एवं हिंदी का ज्ञान.

अवसर हैं अनेक
इस क्षेत्र में कैरियर के कई विकल्प मौजूद हैं. रिजॉर्ट से लेकर फाइव स्टार होटलों, हर राज्य के पर्यटन विभाग से लेकर एविएशन तक अनगिनत जॉब हैं. फास्ट फूड चेन, रेलवे, बैंक या बड़े संस्थानों में कैटरिंग या कैंटीन, एयरलाइंस, हॉस्पिटल, मल्टीप्लेक्स, हेल्थ क्लब जैसी जगहों पर अच्छा रोजगार मिल सकता है.

पहले परखें संस्थान
होटल मैनेजमेंट में सर्टिफिकेट कोर्स से लेकर पीजी कोर्स तक उपलब्ध हैं. सरकारी संस्थानों के अलावा निजी संस्थानों की भी भरमार है. सरकारी संस्थानों में छात्र संयुक्त प्रवेश परीक्षा के जरिये दाखिला लेते हैं और निजी संस्थानों में साक्षात्कार व प्रतिशत के आधार पर. लेकिन, यहां यह बता दें कि निजी संस्थानों में दाखिला लेने से पहले संस्थान का चयन सोच समझ कर करें. वहां के इंफ्रास्ट्रर, फैकल्टी, प्लेसमेंट, इंटर्नशिप, एलुमिनाइ आदि सभी तरीके से देखें कि क्या वह संस्थान इन सभी चीजों पर खरा उतर रहा है या नहीं.

डीके सिंह अध्यक्ष, एआइएचटी

प्रमुख संस्थान

आइएचएम, पूसा

वेबसाइट : www.ihmpusa.net

इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रीशन, मुंबई

वेबसाइट : www.ihmctan.edu

हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म आगरा-शिमला-गोवा

वेबसाइट : www.hihtworld.com

एलबीआइआइएचएम, पीतमपुरा, नयी दिल्ली

वेबसाइट : www.lbiihm.com

गुरु नानक इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, कोलकाता

वेबसाइट : www.gnihm.ac.in

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >