देवघर : श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए पहुंचे डीएसपी व इंस्पेक्टर को संताल परगना के डीआइजी राजकुमार लकड़ा व जैप डीआइजी सुधीर कुमार झा ने संयुक्त ब्रीफिंग कर ड्यूटी की जानकारी दी. डीआइजी ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस श्रावणी मेले में मुकम्मल व्यवस्था की गयी है. अधिक बल व पदाधिकारी ड्यूटी पर आये हैं. श्रावणी ड्यूटी में आये पदाधिकारी व पुलिसकर्मी बेहतर सेवा दें, ताकि यहां से कांवरिये सुखद अनुभूति लेकर लौटें.
जैप डीआइजी झा ने कहा कि सभी पदाधिकारी व पुलिसकर्मी श्रद्धाभाव से ड्यूटी करें. ड्यूटी अवधि में सेवक बनकर रहें. भीड़ हिंसक नहीं है. वे लड़ाई नहीं बल्कि पूजा के लिए शिव दरबार पहुंचे हैं. शिव दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ को आग्रह पूर्वक नियंत्रित करें. अगर अतिरिक्त बल की जरूरत पड़ेगी, तो जैप उसे पूरा करेगा. पिछले श्रावणी मेले में यदा-कदा जाम रहता था. एसपी से जैप डीआइजी ने कहा कि वाहन प्रवेश निषेध का पालन सख्ती से हो.
निर्धारित पड़ाव में वाहन रुके, यह सुनिश्चित करायी जाये. शनिवार को सावन का पहला दिन है, इसलिए रात्रि दो बजे से ड्यूटी संभालें व हर दिन अपने कर्तव्य को सेवाभाव से करें. इस अवसर पर एसपी नरेंद्र कुमार सिंह, देवघर एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव, सारठ एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, रैफ कमांडेंट, डीएसपी मुख्यालय राजकिशोर, सीसीआर डीएसपी रविकांत भूषण, मधुपुर एसडीपीओ ललन ठाकुर, साइबर डीएसपी एके सिन्हा व अन्य मौजूद थे.
