गुमला के कोनबीर चौक के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत, एक घायल
गुमला : बसिया-प्रखंड के कोनबीर नीचे चौक के पास बाइक सवार दो युवकों ने सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक सवार कलिगा निवासी 25 वर्षीय सुमित मिंज की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 24 वर्षीय विमल मिंज गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, सुमित और विमल दोनों एक ही बाइक में सवार होकर अपने घर कलिगा से कोनबीर की ओर आ रहे थे. वहीं, पिकअप वैन बसिया की ओर से जा रहा था. तभी कोनबीर नीचे चौक में दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. इससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर ही जा गिरे. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को उठाकर रेफरल अस्पताल, बसिया लाया गया जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया, वहीं विमल का एक पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही बसिया बीडीओ रवींद्र कुमार गुप्ता रेफरल अस्पताल, बसिया पहुंचे एवं घायल बिमल को रांची भेजने की व्यवस्था की. वहीं, सूचना पर पहुंची बसिया पुलिस ने मृतक सुमित के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है.