गोड्डा : पथरगामा प्रखंड अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की स्थिति दयनीय है. प्रखंड के कई ऐसे शिक्षक विहीन विद्यालय हैं, जहां बच्चों की शिक्षा सहायक अध्यापक व प्रतिनियुक्त किये गये शिक्षकों के भरोसे पठन-पाठन का कार्य संपादित कराया जा रहा है. प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय काला डुमरिया में एक भी सरकारी शिक्षक नहीं हैं. पिछले चार माह से विद्यालय के एक मात्र सहायक अध्यापक विष्णु कुमार पाल प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में विद्यालय को अपनी सेवा दे रहे हैं. उक्त विद्यालय में बोहा मध्य विद्यालय के सरकारी शिक्षक मनोज कुमार को प्रतिनियुक्ति किया गया था. चार माह पूर्व जिले के पदाधिकारी के निर्देशानुसार मूल विद्यालय में वापस भेज दिया गया. अब एक मात्र सहायक अध्यापक विष्णु कुमार पाल के ऊपर नामांकित कुल 202 स्कूली बच्चों को पढ़ाने का भार है. उत्क्रमित मध्य विद्यालय काला डुमरिया में एक मात्र सहायक अध्यापक रहने की वजह से वर्ग 1 से वर्ग 8 तक के बच्चों को सहायक अध्यापक विष्णु कुमार पाल बच्चों की संयुक्त कक्षाएं ले रहे हैं. इस तरह से बच्चों का पठन-पाठन कराया कराया जा रहा है. साथ ही सहायक अध्यापक के जिम्मे विद्यालय का स्मार्ट क्लास संचालित करने का भी दायित्व है. गौरतलब है कि एक सहायक अध्यापक के ऊपर इतनी जिम्मेवारी से शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है. साथ ही तीन ऐसे सरकारी विद्यालय हैं, जो शिक्षक विहीन हैं. इनमें प्राथमिक विद्यालय बाबूपुर, प्राथमिक विद्यालय बिसाहा पंडा टोला व प्राथमिक विद्यालय धोपडीहा शामिल है. यहां एक भी शिक्षक नहीं हैं. तीनों विद्यालयों में पिछले एक वर्ष से प्रतिनियुक्त शिक्षक द्वारा बच्चों का पठन-पाठन कराया जा रहा है.
प्रखंड में 131 सरकारी स्कूल, शिक्षक 210, बच्चों की संख्या 20181
प्रखंड में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालयों की कुल संख्या 16 है. 63 प्राथमिक विद्यालय हैं, जबकि 34 उत्क्रमित मध्य विद्यालय हैं. वहीं मध्य विद्यालयों की कुल संख्या 9 है. 5 उत्क्रमित उच्च विद्यालय हैं. इसके साथ ही 2 मदरसा, 1 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व 1 अल्पसंख्यक मध्य विद्यालय है. पूरे प्रखंड के विद्यालयों में सरकारी शिक्षकों की कुल संख्या 210 है. 114 सहायक अध्यापक कार्यरत हैं. 39 विद्यालय ऐसे हैं, जहां एक शिक्षक से पठन-पाठन कराया जाता है. तीन विद्यालय शिक्षक विहीन हैं, जहां प्रतिनियुक्ति पर पठन-पाठन चल रहा है. प्रखंड के तमाम उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मध्य विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, मदरसा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय व अल्पसंख्यक मध्य विद्यालय में छात्र-छात्राओं की संख्या 20181 है. विदित हो कि पथरगामा प्रखंड की प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी हेलेन मरांडी पथरगामा प्रखंड के अलावा ठाकुरगंगटी प्रखंड में भी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार में हैं.
कम शिक्षक की वजह से बच्चों की पढ़ाई चौपट, क्या करें अभिभावक
स्कूल भवन, मध्याह्न भोजन, बच्चों के बैठने की व्यवस्था, आवश्यक सामग्री उपलब्ध है, मगर पढ़ाने वाले शिक्षकों की संख्या ही बच्चों के अनुपात में काफी कम है. इस स्थिति में बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से चौपट हो रही है. शिक्षक पढ़ाई के अलावा भोजन से लेकर प्रखंड व जिला स्तरीय बैठक में भी शामिल होना, समय-समय पर आवश्यक कागजात आदि का निपटारा करने जैसे कार्य भी उनके दैनिक कार्य में शामिल है. अभिभावकों की मानें तो बच्चों के लिए सबसे ज्यादा जरूरी विषय से जुड़े शिक्षकों का होना आवश्यक है. मगर प्रखंड में फिलहाल ऐसी व्यवस्था नहीं हो पा रही है.
क्या कहा शिक्षा अधिकारी ने
पथरगामा प्रखंड के शिक्षा प्रसार पदाधिकारी हेलेन मरांडी अधीन विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों की कमी के मामले से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया है. कहा कि फिलहाल उपलब्ध साधन व व्यवस्था के तहत विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य संपादित किया जा रहा है. विभागीय पहल पर जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी.
Also Read: गोड्डा : महागामा में ऑल्टो कार से 109 बोतल अवैध शराब जब्त
