कौन है Figure 03? मेलानिया ट्रंप के साथ चलते रोबोट ने व्हाइट हाउस में लूट ली महफिल

व्हाइट हाउस में मेलानिया ट्रंप के साथ दिखा Figure 03 सिर्फ रोबोट नहीं, टेक्नोलॉजी का भविष्य है. लोगों से बात करना, सीखना और माहौल के हिसाब से काम करना इसे खास बनाता है. आइए इसके बारे में डिटेल में जानते हैं.

Figure 03: 25 मार्च को व्हाइट हाउस में हुए एक खास इवेंट में अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. लेकिन इस बार वजह उनका स्टाइल नहीं, बल्कि उनके साथ चल रहा एक इंसानों जैसा दिखने वाला रोबोट था. रोबोट का नाम Figure 03 है. जैसे ही वो रेड कार्पेट पर आगे बढ़ीं, ये रोबोट उनके साथ-साथ चलता रहा, मेहमानों से मिलता रहा और अलग-अलग भाषाओं में बात करके सबको हैरान कर गया.

इस इवेंट का मकसद था ये दिखाना कि टेक्नोलॉजी अब सिर्फ मोबाइल और कंप्यूटर तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब वो असली दुनिया में काम करने वाली मशीनों का हिस्सा बनती जा रही है. इवेंट के दौरान मेलानिया ट्रंप ने भी एक दिलचस्प भविष्य की तस्वीर पेश की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ऐसे ह्यूमनॉइड रोबोट स्कूलों में टीचर की तरह बच्चों की मदद कर सकते हैं. हर स्टूडेंट की सीखने की स्पीड के हिसाब से पढ़ाएंगे और उनके इमोशन्स को समझकर जवाब भी देंगे.

Figure 03 क्या है?

Figure 03 एक लेटेस्ट ह्यूमनॉइड रोबोट है, जिसे Figure AI नाम की कंपनी ने बनाया है. खास बात ये है कि ये रोबोट सिर्फ फैक्ट्री या लैब तक सीमित रहने के लिए नहीं बनाया गया.  इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि ये अलग-अलग माहौल जैसे घर, ऑफिस और पब्लिक जगहों पर भी काम कर सके.

कंपनी का कहना है कि उनका असली मकसद ऐसे रोबोट तैयार करना है जो इंसानों से सीख सकें और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में मदद कर सकें. और यही चीज Figure 03 को बाकी रोबोट्स से अलग बनाती है.

कैसे काम करता है यह रोबोट?  

यह रोबोट सिर्फ मशीन नहीं, बल्कि एक तरह से स्मार्ट साथी की तरह काम करता है. इसे Helix सिस्टम पर तैयार किया गया है, जो इसे अपने आसपास की चीजों को समझने और इंसानों की आवाज में दिए गए कमांड्स को प्रोसेस करने में मदद करता है. यही वजह है कि यह रियल टाइम में तुरंत रिएक्शन दे सकता है. चाहे सामने रखी चीज को पहचानना हो, लोगों के साथ बातचीत से सीखना हो या नई परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना हो.

इस रोबोट में एडवांस कैमरे लगे हुए हैं. इससे इसे बेहतर विजन और आसपास की समझ मिलती है. इसके हाथों में भी सेंसर और छोटे-छोटे कैमरे दिए गए हैं, ताकि यह चीजों को ज्यादा सटीक और सेफ तरीके से पकड़ सके. इतना ही नहीं, यह अपनी पकड़ (grip) को जरूरत के हिसाब से बदल भी सकता है.

बातचीत के लिए इसमें स्पीकर्स और माइक्रोफोन भी मौजूद हैं. इससे यह इंसानों के साथ आसानी से इंटरैक्ट कर सकता है. और सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसे वायरलेस चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है.

यह भी पढ़ें: चीन के मैकडॉनल्ड्स में हुई रोबोट्स की एंट्री, कस्टमर्स को सर्व करते आये नजर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ankit Anand

अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >