भारत का टेलीकॉम बाजार अप्रैल 2026 में एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिखा. नये ट्राई आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल टेलीफोन सब्सक्राइबर्स की संख्या 133 करोड़ के पार पहुंच गई है. मोबाइल और ब्रॉडबैंड दोनों सेगमेंट में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हुई है, जबकि 5G फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट यानी FWA सेवाओं ने भी मजबूत रफ्तार पकड़ी है. खास बात यह रही कि जियो और एयरटेल ने सबसे ज्यादा नये यूजर्स जोड़े, वहीं मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी यानी MNP रिक्वेस्ट भी करोड़ों में पहुंच गईं. इससे साफ है कि यूजर्स अब बेहतर नेटवर्क और तेज इंटरनेट के लिए तेजी से ऑपरेटर बदल रहे हैं.
133 करोड़ पार पहुंचा टेलीकॉम बाजार
ट्राई के ताजा आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 के अंत तक भारत में कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या 1337.54 मिलियन यानी करीब 133.75 करोड़ हो गई. मार्च की तुलना में इसमें लगभग 69.5 लाख नए यूजर्स जुड़े. वायरलेस सब्सक्राइबर्स की संख्या 1288.96 मिलियन रही, जबकि वायरलाइन यूजर्स बढ़कर 48.58 मिलियन तक पहुंच गए.
देश की कुल टेली-डेंसिटी भी बढ़कर 93.69% हो गई है. शहरी इलाकों में यह आंकड़ा 152% से ज्यादा पहुंच चुका है, जबकि ग्रामीण इलाकों में भी टेली-डेंसिटी 60% के ऊपर चली गई है. इससे साफ है कि गांवों में भी मोबाइल और इंटरनेट की पहुंच तेजी से बढ़ रही है.
ब्रॉडबैंड यूजर्स 107 करोड़ के पार
भारत में इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. अप्रैल 2026 में कुल ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर्स की संख्या 1073.44 मिलियन यानी 107 करोड़ से ज्यादा हो गई. सिर्फ एक महीने में करीब 75 लाख नये ब्रॉडबैंड यूजर्स जुड़े.
इस बाजार में रिलायंस जियो सबसे आगे रही. कंपनी के पास 526.94 मिलियन ब्रॉडबैंड ग्राहक रहे. इसके बाद भारती एयरटेल के 373 मिलियन और वोडाफोन आइडिया के करीब 129 मिलियन यूजर्स रहे. बीएसएनएल भी 27.2 मिलियन ब्रॉडबैंड ग्राहकों के साथ बाजार में मौजूद है.
5G FWA इंटरनेट में जियो और एयरटेल की रेस तेज
5G आधारित फिक्स्ड वायरलेस ऐक्सेस यानी FWA इंटरनेट सेवाओं में भी तेजी देखने को मिली. अप्रैल 2026 तक 5G FWA यूजर्स की संख्या 12.55 मिलियन तक पहुंच गई. इसमें जियो ने सबसे ज्यादा 87.93 लाख यूजर्स और एयरटेल ने 37.56 लाख यूजर्स दर्ज किए.
ग्रामीण इलाकों में भी 5G FWA की पहुंच तेजी से बढ़ रही है. आंकड़ों के मुताबिक 5G FWA यूजर्स में लगभग आधे ग्राहक ग्रामीण क्षेत्रों से हैं. इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि फाइबर इंटरनेट की कमी वाले इलाकों में 5G आधारित होम इंटरनेट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.
1.47 करोड़ लोगों ने बदला मोबाइल नेटवर्क
मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी यानी MNP के आंकड़े भी काफी दिलचस्प रहे. अप्रैल 2026 में करीब 14.74 मिलियन यानी 1.47 करोड़ लोगों ने अपना मोबाइल नंबर बिना बदले नेटवर्क बदलने की रिक्वेस्ट दी.
सबसे ज्यादा पोर्टिंग रिक्वेस्ट उत्तर प्रदेश पूर्व, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे सर्किल्स से आईं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यूजर्स अब नेटवर्क क्वाॅलिटी और डेटा स्पीड को लेकर ज्यादा जागरूक हो चुके हैं.
एयरटेल के एक्टिव यूजर्स सबसे ज्यादा
ट्राई की VLR (विजिटर लोकेशन रजिस्टर) रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2026 में कुल 1193.57 मिलियन एक्टिव मोबाइल यूजर्स रहे. इसमें भारती एयरटेल का एक्टिव यूजर रेशियो सबसे ज्यादा 99.72% दर्ज किया गया. इसका मतलब है कि एयरटेल के लगभग सभी मोबाइल यूजर्स नेटवर्क पर एक्टिव रहे.
वहीं जियो और दूसरे ऑपरेटर्स ने भी लगातार नये ग्राहक जोड़कर अपनी पकड़ मजबूत की है. टेलीकॉम सेक्टर में 5G विस्तार और सस्ते डेटा प्लान्स की वजह से आने वाले महीनों में प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है.
यह भी पढ़ें: Prepaid और Postpaid में हैं कन्फ्यूज? यहां समझें किस प्लान में है असली फायदा
