Vivo India पिछले कुछ सालों से स्मार्टफोन कैमरा टेक्नोलॉजी पर काफी फोकस कर रही है. खासतौर पर ZEISS के साथ पार्टनरशिप के बाद कंपनी ने मोबाइल फोटोग्राफी में अपनी अलग पहचान बनाई है. अब कंपनी ने अपने नए Vivo X300 FE के जरिए प्रीमियम कैमरा एक्सपीरियंस को थोड़ा ज्यादा किफायती बनाने की कोशिश की है. हालांकि इस बार इसकी कीमत इतनी बढ़ गई है, कि यह सीधे Vivo X300 के करीब पहुंच जाता है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यह अब भी अफोर्डेबल फ्लैगशिप कहलाने लायक है?
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
Vivo X300 FE का डिजाइन पिछले मॉडल X200 FE से काफी अलग और ज्यादा प्रीमियम लगता है. फोन में 6.31-इंच का कॉम्पैक्ट फॉर्म फैक्टर दिया गया है, जो इसे हाथ में पकड़ने में काफी आरामदायक बनाता है. फोन की थिकनेस सिर्फ 7.99mm और वजन 191 ग्राम है.
फोन के पीछे अब नया पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जो इसे बाकी Vivo X300 सीरीज से अलग पहचान देता है. इसका मैट फिनिश ग्लास बैक फिंगरप्रिंट कम पकड़ता है और पकड़ने में भी बेहतर महसूस होता है.
डिस्प्ले क्वालिटी शानदार
फोन का डिस्प्ले इसकी बड़ी खूबियों में से एक है. कलर एक्यूरेसी काफी शानदार है और स्क्रीन पर कलर नेचुरल दिखाई देंगे. डिस्प्ले 99.7% sRGB कलर स्पेस को कवर करता है, जिससे वीडियो देखना, फोटो एडिटिंग और गेमिंग एक्सपीरियंस बेहतर मिलेगा.
फोन में 5000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है, जिससे धूप में भी स्क्रीन आसानी से दिखाई देती है. AMOLED पैनल होने की वजह से ब्लैक्स काफी डीप और शानदार नजर आते हैं.
Snapdragon 8 Gen 5 के साथ दमदार परफॉर्मेंस
Vivo X300 FE में इस बार MediaTek की जगह Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ LPDDR5X Ultra RAM और UFS 4.1 स्टोरेज मिलती है.
रोजमर्रा के इस्तेमाल में फोन काफी फास्ट और स्मूद है. मल्टीटास्किंग, सोशल मीडिया, कैमरा और गेमिंग के दौरान फोन अच्छा परफॉर्म करेगा. हालांकि लंबे समय तक भारी इस्तेमाल में फोन थोड़ा गर्म जरूर हो सकता है.
बैटरी और चार्जिंग
फोन में 6500mAh की बड़ी सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो पूरे दिन आराम से चल जाती है. इसके साथ 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है, जिससे फोन लगभग एक घंटे से कम समय में फुल चार्ज हो जाता है. इस बार कंपनी ने 40W वायरलेस चार्जिंग भी जोड़ी है, जो पिछले मॉडल में नहीं थी.
कैमरा सबसे बड़ी खासियत
फोन में ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50MP Sony IMX921 प्राइमरी कैमरा, 50MP टेलीफोटो कैमरा और 8MP अल्ट्रा-वाइड लेंस शामिल है. वहीं फ्रंट में 50MP सेल्फी कैमरा मिलता है.
ZEISS ट्यूनिंग और Vivo की इमेज प्रोसेसिंग की वजह से फोटो क्वालिटी काफी शानदार मिलती है. मेन कैमरा डिटेल, डायनामिक रेंज और लो-लाइट फोटोग्राफी में अच्छा परफॉर्म करता है.
टेलीफोटो कैमरा भी काफी भरोसेमंद है और पोर्ट्रेट शॉट्स शानदार क्लिक करता है. हालांकि अल्ट्रा-वाइड कैमरा बाकी कैमरों जितना इंप्रेसिव नहीं है. 3x तक का जूम अच्छा काम करता है, लेकिन उससे ज्यादा डिजिटल जूम में डिटेल कम होने लगती है.
AI फीचर्स भी मौजूद
फोन में AI Retouch, Object Removal, Reflection Erase और वीडियो के लिए Audio Noise Reduction जैसे फीचर्स दिए गए हैं. ये फीचर्स रोजमर्रा के इस्तेमाल में काफी काम आ सकते हैं.
क्या खरीदना चाहिए Vivo X300 FE?
कुल मिलाकर Vivo X300 FE एक शानदार कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन है. इसमें प्रीमियम डिजाइन, शानदार डिस्प्ले, दमदार बैटरी और बेहतरीन कैमरा एक्सपीरियंस मिलता है.
हालांकि, इसकी कीमत इसे Vivo X300 के काफी करीब ले जाती है, जिससे कई यूजर्स सीधे X300 को बेहतर ऑप्शन मान सकते हैं. फिर भी अगर आपको कॉम्पैक्ट डिजाइन और कैमरा-फोकस्ड स्मार्टफोन पसंद है, तो Vivo X300 FE एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Vivo X300 लॉन्च होते ही गिर गई X200 की कीमत, फ्लिपकार्ट पर मिल रही बड़ी डील
