200MP कैमरा और 6500mAh बैटरी, क्या Redmi Note 15 Pro Plus है सही डील?

चाइनीज टेक कंपनी Xiaomi ने हाल ही में Redmi Note 15 Pro Plus सीरीज लॉन्च किया है, जिसमें 200MP का कैमरा दिया गया है. ऐसा में खरीदने से पहले जानिए इस मॉडल का पूरा रिव्यू.

Redmi Note 15 Pro Plus Review: जब भी कोई नया स्मार्टफोन खरीदने की सोचता है, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है, कि क्या यह फोन मेरे पैसे के हिसाब से सही है? खासकर तब जब फोन 30–40 हजार रुपये के सेगमेंट का हो. ऐसा ही एक फोन है Redmi Note 15 Pro Plus, जिसे Xiaomi ने भारत में 37,999 रुपये के शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है, जो पिछले मॉडल से 7,000 रुपये ज्यादा है. ऐसे में अगर आप भी इसे खरीदने का मन बना रहे हैं, तो फिर यह रिव्यू आपको बताएगा कि फोन में क्या खास है, इसमें क्या खूबियां हैं और क्या यह वाकई आपका अगला स्मार्टफोन बनने लायक है.

डिजाइन: प्रीमियम लुक और मजबूत बिल्ड

Redmi Note 15 Pro+ का डिजाइन पिछले मॉडल जैसा जरूर है, लेकिन इसमें कुछ बदलाव इसे ज्यादा प्रीमियम बनाते हैं. फोन में फ्लैट फ्रेम दिया गया है, जो पकड़ने में आरामदायक लगता है. पीछे की तरफ हल्का कर्व है, जिससे ग्रिप बेहतर हो जाती है. वहीं, Mocha Brown वेरिएंट में वेगन लेदर फिनिश और गोल्ड फ्रेम दिया गया है, जो इसे प्रीमियम टच देता है. फोन का वजन करीब 211 ग्राम है, लेकिन हाथ में ज्यादा भारी नहीं लगता. सबसे खास बात इसकी ड्यूरेबिलिटी है. इसमें IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिलती है, यानी पानी और धूल से अच्छी सुरक्षा.

डिस्प्ले: बड़ा, ब्राइट और HDR सपोर्ट

फोन में 6.83 इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट है. यह क्वाड-कर्व्ड पैनल है, जिससे किनारे पतले और लुक ज्यादा प्रीमियम लगता है. 3,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ स्क्रीन धूप में भी साफ दिखती है. HDR10 और Dolby Vision सपोर्ट के कारण वीडियो देखने का एक्सपीरियंस शानदार है. साथ ही Dolby Atmos और 400% ऑडियो मोड से साउंड भी काफी तेज और क्लियर है. हालांकि, इस कीमत पर कुछ फोन 1.5K रिजॉल्यूशन दे रहे हैं, जबकि यहां FHD+ पैनल मिलता है.

कैमरा: 200MP का दम, लेकिन टेलीफोटो गायब

Redmi Note 15 Pro+ में 200MP का Samsung HPE मेन कैमरा दिया गया है, जो अच्छी डिटेल और अट्रैक्टिव कलर देता है. पोर्ट्रेट मोड भी बढ़िया है और लो-लाइट में भी कैमरा सेटिस्फाइंग परफॉर्म करता है. हालांकि, इस बार टेलीफोटो कैमरा हटा दिया गया है. इसके बदले 8MP का अल्ट्रावाइड सेंसर मिलता है, जो ठीक-ठाक फोटो देता है, लेकिन रात में ग्रेनी हो सकता है. वहीं, फ्रंट में 32MP का कैमरा है, जो सोशल मीडिया के लिए अच्छी सेल्फी देता है. वीडियो रिकॉर्डिंग 4K 30FPS तक मेन कैमरे से संभव है और OIS की वजह से फुटेज स्टेबल रहती है.

परफॉर्मेंस: डेली यूज के लिए काफी

फोन में Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है. डेली काम, सोशल मीडिया, मल्टीटास्किंग और हल्की गेमिंग के लिए यह काफी है. BGMI और COD Mobile जैसे गेम्स 90FPS पर चलाए जा सकते हैं. 5,200mm कूलिंग सिस्टम के कारण लंबी गेमिंग में भी फोन ज्यादा गर्म नहीं होता. हालांकि, इस कीमत में कुछ कॉम्पिटिटर फोन ज्यादा पावरफुल चिपसेट दे रहे हैं.

बैटरी और चार्जिंग: फास्ट चार्जिंग और लंबा बैकअप

Redmi Note 15 Pro+ में 6,500mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. नॉर्मल यूज में यह आराम से एक दिन से ज्यादा चल जाती है. 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ फोन लगभग एक घंटे में फुल चार्ज हो जाता है.

सॉफ्टवेयर और एक्सपीरियंस

फोन Android 15 पर बेस्ड HyperOS 2 पर चलता है. Xiaomi 4 साल के OS अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट का वादा कर रहा है. हालांकि, फोन में कुछ प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स (ब्लोटवेयर) मिलते हैं, जिन्हें हटाया जा सकता है. eSIM सपोर्ट इस सेगमेंट में एक एडिशनल फायदा है.

खरीदना चाहिए या नहीं?

Redmi Note 15 Pro+ की कीमत भले बढ़ी हो, लेकिन इसमें बड़ा डिस्प्ले, मजबूत बिल्ड, 200MP कैमरा और लंबी बैटरी लाइफ जैसे फीचर्स मिलते हैं. यह फोन परफॉर्मेंस का चैंपियन नहीं है, लेकिन एक बैलेंस पैकेज जरूर है. अगर आप Redmi Note सीरीज के फैन हैं और एक भरोसेमंद, फीचर-रिच फोन चाहते हैं, तो यह ऑप्शन आपके लिए सही साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें: Vivo X300 Review: कैमरा इतना दमदार कि DSLR भी पड़ जाए फीका, 200MP कैमरे देगा हर शॉट परफेक्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shivani Shah

डिजिटल पत्रकारिता में 3 सालों का अनुभव है. प्रभात खबर में जूनियर टेक कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रही हैं. टेक्नोलॉजी कैटेगरी में ये स्मार्टफोन से लेकर टेक-टिप्स, गैजेट्स, एआई, सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रेंड्स पर रिसर्च-बेस्ड, इन-डेप्थ और यूजर-फोकस्ड कंटेंट लिखती हैं. इसके अलावा ये ऑटोमोबाइल से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >