स्मार्टफोन में अगर आपकी सबसे बड़ी जरूरत लंबी बैटरी लाइफ है, तो Realme P4R आपको पसंद आ सकता है. 18,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुए इस फोन में 8000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो इस प्राइस सेगमेंट में कम ही देखने को मिलती है. इसके अलावा दमदार डिजाइन के साथ फोन में 144Hz डिस्प्ले और Android 16 का सपोर्ट भी मिलता है. लेकिन क्या यह फोन सिर्फ बैटरी के दम पर अच्छा है या बाकी मामलों में भी दमदार है? आइए जानते हैं इस रिव्यू में.
Realme P4R Review: डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
Realme P4R का डिजाइन काफी सिंपल और प्रैक्टिकल है. फोन में 8000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, लेकिन इसकी थिकनेस सिर्फ 8.8mm है, जिससे पकड़ने में यह भारी या मोटा नहीं लगेगा. फोन का बैक पैनल प्लास्टिक (पॉलीकार्बोनेट) का है, जिस पर मैट फिनिश दी गई है. इसकी वजह से फोन पर उंगलियों के निशान आसानी से नहीं पड़ेंगे. यह Lavender Glare, Titanium Glare और Silver Glare जैसे कलर ऑप्शन में आता है. कैमरा मॉड्यूल के पास Pulse Light दिया गया है, जो नोटिफिकेशन आने पर जलता है और इसे अपनी पसंद के हिसाब से अलग-अलग कलर में भी सेट किया जा सकता है. मजबूती के मामले में भी फोन दमदार है. इसे MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन मिला है, जिससे इसकी ड्यूरेबिलिटी पर भरोसा किया जा सकता है. वहीं, पावर बटन में दिया गया फिंगरप्रिंट सेंसर फास्ट और सटीक तरीके से काम करता है.
Realme P4R Review: डिस्प्ले
Realme P4R में 6.8 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. हाई रिफ्रेश रेट की वजह से स्क्रॉलिंग और ऐप्स के बीच नेविगेशन काफी स्मूद लगेगा. हालांकि, 2026 में HD+ रिजॉल्यूशन कुछ लोगों को निराश कर सकता है, क्योंकि इस प्राइस रेंज में कई कंपनियां Full HD डिस्प्ले ऑफर कर रही हैं. डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 1200 निट्स तक जाती है, जिससे धूप में भी स्क्रीन देखने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी. हालांकि, Netflix और अन्य OTT प्लेटफॉर्म पर Full HD स्ट्रीमिंग का सपोर्ट नहीं मिलेगा, क्योंकि फोन में Widevine L3 सर्टिफिकेशन दिया गया है. HDR सपोर्ट भी मौजूद नहीं है.
Realme P4R Review: परफॉर्मेंस
फोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है, जो 6GB RAM और 256GB स्टोरेज को सपोर्ट करता है. रोजमर्रा के काम जैसे सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग, वेब ब्राउजिंग और मल्टीटास्किंग के दौरान फोन स्मूद परफॉर्म करता है. सामान्य यूजर्स को किसी तरह की दिक्कत महसूस नहीं होगी. लेकिन गेमिंग की बात करें, तो BGMI और Call of Duty Mobile जैसे गेम 60fps तक आराम से चल जाते हैं. हालांकि, यह हार्डकोर गेमर्स के लिए नहीं बनाया गया है.
Realme P4R Review: कैमरा
Realme P4R में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा और 2MP का डेप्थ सेंसर शामिल है. सेल्फी के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. दिन की रोशनी में कैमरा अच्छी तस्वीरें क्लिक करेगा और पोर्ट्रेट मोड भी ठीक-ठाक काम करेगा. इसमें वीडियो रिकॉर्डिंग 1080p 30fps तक ही है. वीडियो क्वालिटी नॉर्मल इस्तेमाल के लिए ठीक है, लेकिन इसमें ज्यादा एडवांस्ड फीचर्स नहीं मिलेंगे. फोन में Dual Video Capture फीचर भी दिया गया है, जिससे फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से एक साथ वीडियो रिकॉर्ड किया जा सकता है.
Realme P4R Review: बैटरी
इस फोन की सबसे बड़ी ताकत इसकी 8000mAh बैटरी है. नॉर्मल इस्तेमाल में यह आसानी से दो दिन तक चल सकती है. बैटरी टेस्टिंग में फोन ने 27 घंटे 34 मिनट का स्क्रीन-ऑन टाइम दिया, जो इस सेगमेंट में शानदार माना जा सकता है. यह 45W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगा, जो 0 से 100% तक चार्ज होने में लगभग 1 घंटा 52 मिनट का समय लेगा. इसके अलावा, यह रिवर्स चार्जिंग फीचर को भी सपोर्ट करेगा, जिसकी मदद से फोन दूसरे डिवाइस को चार्ज कर सकता है.
Realme P4R Review: सॉफ्टवेयर
मॉडल Android 16 पर बेस्ड Realme UI 7.0 पर काम करता है. इंटरफेस स्मूद और इस्तेमाल में आसान है. शुरुआत में कुछ प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स मिलेंगे, लेकिन अच्छी बात यह है कि ज्यादातर ऐप्स को हटाया जा सकता है. फोन में AI Portrait Glow और AI Eraser 2.0 जैसे AI फीचर्स भी दिए गए हैं, जो फोटो एडिटिंग को आसान बनाते हैं. कंपनी दो साल के Android अपडेट और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है.
खरीदना चाहिए या नहीं?
अगर आप ऐसा स्मार्टफोन चाहते हैं जो एक बार चार्ज करने पर दो दिन तक आराम से चले, मजबूत हो और रोजमर्रा के सभी काम बिना परेशानी के संभाल सके, तो Realme P4R एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है. हालांकि, अगर आपकी प्रायोरिटी Full HD डिस्प्ले, बेहतर कैमरा या ज्यादा पावरफुल गेमिंग परफॉर्मेंस है, तो बाजार में कुछ दूसरे ऑप्शन भी मौजूद हैं. यानी कि Realme P4R उन यूजर्स के लिए बनाया गया है, जो लंबी बैटरी लाइफ, मजबूत बिल्ड क्वालिटी और भरोसेमंद परफॉर्मेंस चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: Motorola Edge 70 Pro+ Review: स्टाइलिश डिजाइन, बड़ी बैटरी, 50MP कैमरे, जानिए खरीदना चाहिए या नहीं
