अगर आप Realme 16T और Realme 16 के बीच कन्फ्यूज हैं, तो ऐसा होना बिल्कुल नॉर्मल है. नाम भले ही दोनों का मिलता-जुलता हो, लेकिन यूज के मामले में दोनों फोन एक-दूसरे से काफी अलग हैं. Realme 16T उन लोगों के लिए ज्यादा सही है जिन्हें दमदार बैटरी और मजबूत बिल्ड वाला फोन चाहिए. वहीं दूसरी तरफ, Realme 16 एक स्टाइलिश और परफॉर्मेंस-फोकस्ड स्मार्टफोन है, जिसमें बेहतर कैमरा और ज्यादा शानदार डिस्प्ले देखने को मिलता है. अब असली सवाल यही है कि आपकी जरूरत क्या है. चलिए, आसान शब्दों में समझते हैं कि दोनों फोन आखिर आपके लिए क्या लेकर आते हैं.
Realme 16T vs Realme 16: डिजाइन और बिल्ड
नाम से भले ही लगे कि ये दोनों Realme फोन एक ही सीरीज के हैं, लेकिन असल में दोनों की सोच और डिजाइन बिल्कुल अलग है. एक तरफ है Realme 16T, जो 224 ग्राम वजन के साथ थोड़ा भारी जरूर लगता है. लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी मजबूत और रफ-टफ बॉडी है. इसमें मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरैबिलिटी मिलती है. इतना ही नहीं, यह 2.5 मीटर तक पानी में भी सेफ रह सकता है.
वहीं दूसरी तरफ Realme 16 ज्यादा स्टाइलिश और प्रीमियम फील देने वाला फोन है. इसका वजन सिर्फ 183 ग्राम है. साथ में AGC DT Star D+ ग्लास प्रोटेक्शन इसे और भी प्रीमियम टच देता है.
अगर आपको मजबूत और टफ फोन चाहिए, तो Realme 16T बेहतर रहेगा. लेकिन अगर आपकी प्रायोरिटी स्टाइल, हल्का डिजाइन और प्रीमियम फील है, तो Realme 16 ज्यादा पसंद आएगा.
Realme 16T vs Realme 16: डिस्प्ले
दोनों फोन में AMOLED डिस्प्ले मिलता है. अगर आपको बड़ी स्क्रीन पर गेम खेलना और स्मूद स्क्रॉलिंग पसंद है, तो 16T का 6.81-इंच डिस्प्ले और 144Hz रिफ्रेश रेट काफी पसंद आएगा. हालांकि, इसकी 720p रेजोल्यूशन थोड़ी निराश करती है, खासकर तब जब फोन 30 हजार रुपये के प्राइस सेगमेंट में आता हो.
वहीं दूसरी तरफ, Realme 16 थोड़ा कॉम्पैक्ट 6.57-इंच डिस्प्ले के साथ आता है. लेकिन यहां कंपनी ने क्वालिटी पर ज्यादा ध्यान दिया है. इसमें शार्प 1080p रेजोल्यूशन, 1 बिलियन कलर्स, HDR सपोर्ट और 4500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है.
Realme 16T vs Realme 16: परफॉरमेंस
परफॉर्मेंस की बात करें, तो यहां Realme 16 साफ तौर पर ज्यादा दमदार नजर आता है. फोन में MediaTek Dimensity 6400 Turbo चिपसेट दिया गया है, जो भारी मल्टीटास्किंग से लेकर गेमिंग तक हर काम को काफी स्मूद तरीके से संभाल लेता है. ऊपर से इसमें 12GB तक RAM का सपोर्ट मिलता है.
वहीं दूसरी तरफ, Realme 16T में Dimensity 6300 प्रोसेसर मिलता है, जो रोजमर्रा के काम जैसे सोशल मीडिया, कॉलिंग और वीडियो देखने के लिए तो ठीक है. लेकिन जब बात भारी गेम्स या ज्यादा पावर मांगने वाले टास्क की आती है, तो इसकी सीमाएं नजर आने लगती हैं. इसमें RAM भी सिर्फ 8GB तक ही मिलता है.
यह भी पढ़ें: Oppo Find X9 Ultra या Vivo X300 Ultra? जानें कैमरा, बैटरी और परफॉर्मेंस में कौन आगे
Realme 16T vs Realme 16: कैमरा
दोनों में पीछे की तरफ 50MP का मेन कैमरा और 2MP का मोनोक्रोम लेंस मिलता है. साथ ही, बेहतर फोकस और ज्यादा नैचुरल कलर्स के लिए लेजर ऑटोफोकस और कलर स्पेक्ट्रम सेंसर भी दिया गया है. लेकिन सेल्फी की बात करें, तो यहां Realme 16 साफ तौर पर बाजी मारता है. इसमें 50MP का फ्रंट कैमरा मिलता है, जबकि Realme 16T में सिर्फ 16MP का सेल्फी शूटर दिया गया है.
दोनों में रियर कैमरा सेटअप के साथ ‘Selfie Mirror’ फीचर मिलता है. अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें हर मौके पर फोटो क्लिक करना पसंद है, तो Realme 16 आपके लिए ज्यादा बेहतर और वैल्यू फॉर मनी ऑप्शन हो सकता है.
Realme 16T vs Realme 16: बैटरी और स्टोरेज
बैटरी के मामले में Realme 16T पूरी बाजी मारता नजर आता है. इसमें 8000mAh बैटरी मिलती है. साथ ही इसमें 45W फास्ट चार्जिंग और बायपास चार्जिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जिससे गेमिंग या लंबे यूज के दौरान फोन ज्यादा गर्म नहीं होता. वहीं दूसरी तरफ, स्टैंडर्ड Realme 16 में 7000mAh बैटरी मिलती है. बैटरी थोड़ी छोटी जरूर है, लेकिन कंपनी ने इसमें तेज 60W फास्ट चार्जिंग दी है.
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें बार-बार पावर बैंक लेकर घूमना बिल्कुल पसंद नहीं, तो Realme 16T आपके लिए ज्यादा बेहतर ऑप्शन साबित हो सकता है. वहीं, जिन्हें जल्दी फोन चार्ज करने की आदत है, उन्हें Realme 16 पसंद आएगा.
स्टोरेज की बात करें तो दोनों ही स्मार्टफोन्स में UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है और 256GB तक का ऑप्शन दिया गया है.
Realme 16T vs Realme 16: कीमत
| वेरिएंट | Realme 16T कीमत | Realme 16 कीमत |
|---|---|---|
| 6GB RAM + 128GB स्टोरेज | ₹29,999 | उपलब्ध नहीं |
| 8GB RAM + 128GB स्टोरेज | ₹31,999 | ₹33,999 |
| 8GB RAM + 256GB स्टोरेज | ₹34,999 | ₹36,999 |
| 12GB RAM + 256GB स्टोरेज | उपलब्ध नहीं | ₹39,999 |
यह भी पढ़ें: Oppo Find X9s vs Vivo X300 FE: कैमरा में दोनों तगड़े, लेकिन बाकी फीचर्स में कौन आगे? जानें यहां
