PhonePe ने फीचर फोन चलाने वाले लोगों के लिए नई UPI सर्विस शुरू की है. अब ऐसे लोग भी अपने फीचर फोन से UPI के जरिए पेमेंट कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें हर बार स्मार्टफोन की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि, यह सुविधा उन्हीं फीचर फोन में मिलेगी, जो इस सर्विस को सपोर्ट करते हैं.
फिलहाल PhonePe ने कई कंपनियों के कुछ फीचर फोन में यह सुविधा दी है. आने वाले समय में और भी फीचर फोन इस सर्विस से जुड़ सकते हैं. ऐसे में जिन लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए पैसे भेजना और पेमेंट करना पहले के मुकाबले आसान हो जाएगा.
बिना इंटरनेट चलेगी PhonePe की UPI 123Pay सर्विस
PhonePe ने प्रेस रिलीज के जरिए बताया है कि उसकी UPI 123Pay सर्विस अब पूरे भारत में सपोर्टेड फीचर फोन पर उपलब्ध है. खास बात यह है कि यह सर्विस बिना इंटरनेट के काम करती है और SMS के जरिए ट्रांजैक्शन को पूरा करती है. यानी कम 2G कनेक्टिविटी वाले इलाकों में रहने वाले यूजर्स भी इससे पैसे भेजने और दुकानदारों को पेमेंट करने जैसे काम आसानी से कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें: दोस्तों के साथ पार्टी या ट्रिप का खर्च बांटना हुआ आसान, Paytm का नया फीचर रखेगा पूरे ग्रुप का हिसाब
UPI 123Pay से मिलेंगी कई सुविधाएं
UPI 123Pay के जरिए यूजर्स एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजने, मर्चेंट पेमेंट करने, बैंक बैलेंस चेक करने और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखने जैसे काम कर सकते हैं. PhonePe का कहना है कि आने वाले अपडेट्स में बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और Aadhaar के जरिए UPI रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी. इस सर्विस के जरिए कंपनी देश के 200 मिलियन से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स तक UPI की सुविधा पहुंचाना चाहती है.
इन फीचर फोन में कर सकेंगे आसानी से UPI पेमेंट
HMD ने बताया है कि HMD 105 2G, HMD 110 2G, Nokia 105 Classic, Nokia 105 Single SIM, Nokia 105 Dual SIM, Nokia 106 और Nokia 123 Shield जैसे फोन में इसका सपोर्ट मिलेगा. आने वाले समय में कुछ और HMD और Nokia फोन में भी यह सुविधा जोड़ी जा सकती है.
UPI 123Pay शुरू करने में मिलेगी पूरी मदद
इस सर्विस को शुरू करना भी आसान होगा. PhonePe यूजर्स की मदद के लिए AI से चलने वाली वॉइस हेल्पलाइन दे रहा है. यानी अगर आपको सेटअप करने में परेशानी हो, तो फोन पर बात करके मदद ले सकते हैं. यह सुविधा अंग्रेजी के साथ 12 भारतीय भाषाओं में काम करती है. इसमें आपको एक-एक करके बताया जाएगा कि UPI 123Pay कैसे शुरू करना है. साथ ही, UPI से जुड़े सवालों के जवाब भी मिल जाएंगे.
फीचर फोन में ऐसे करें PhonePe UPI सेटअप
सर्विस सेटअप करने के लिए यूजर्स को अपने कंपैटिबल फीचर फोन में पहले से इंस्टॉल PhonePe ऐप खोलना होगा. इसके बाद टर्म्स एंड कंडीशंस एग्री करके अपना बैंक चुनना होगा. फिर डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और उसकी एक्सपायरी डेट दर्ज करनी होगी. इसके बाद UPI PIN सेट करते ही रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा.
रजिस्ट्रेशन होने के बाद फीचर फोन से भी आसानी से UPI पेमेंट किया जा सकेगा. यूजर्स किसी कॉन्टैक्ट, मोबाइल नंबर या UPI ID पर पैसे भेज सकते हैं. अगर फीचर फोन में कैमरा है, तो QR कोड स्कैन करके भी पेमेंट करने का ऑप्शन मिलेगा. पेमेंट के दौरान पहले रिसीवर की डिटेल्स चेक करनी होंगी, फिर रकम दर्ज करके UPI PIN डालना होगा. इसके बाद पेमेंट कन्फर्म करते ही ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: 949 रुपये में लॉन्च हुआ Itel Ace 3 Heera, 1000mAh बैटरी और हिंदी बोलने वाला Voice Assistant भी मिलेगा
