सांसद के खिलाफ सड़क पर उतरी तृणमूल छात्र परिषद

मालदा. ‘लापता सांसद का पता चाहिए’ जैसे नारों के साथ सोमवार को तृणमूल छात्र परिषद ने मालदा शहर में धिक्कार जुलूस निकाला. जुलूस में जिला तृणमूल कांग्रेस के नेता भी मौजूद थे. हालांकि पार्टी के जिला अध्यक्ष और अन्य बड़े नेता शामिल नहीं थे. सोमवार सुबह 11 बजे के करीब मालदा शहर के नेताजी सुभाष […]

मालदा. ‘लापता सांसद का पता चाहिए’ जैसे नारों के साथ सोमवार को तृणमूल छात्र परिषद ने मालदा शहर में धिक्कार जुलूस निकाला. जुलूस में जिला तृणमूल कांग्रेस के नेता भी मौजूद थे. हालांकि पार्टी के जिला अध्यक्ष और अन्य बड़े नेता शामिल नहीं थे.

सोमवार सुबह 11 बजे के करीब मालदा शहर के नेताजी सुभाष रोड से सैकड़ों समर्थकों के साथ यह जुलूस शुरू हुआ और इंगलिश बाजार शहर का परिभ्रमण किया. जुलूस का नेतृत्व मालदा जिला तृणमूल छात्र परिषद के अध्यक्ष प्रसेनजीत दास और जिला तृणमूल के नेता देवप्रिय साहा कर रहे थे. जुलूस में लापता सांसद को ढूंढने के नारे के अलावा कांग्रेस सांसद का काला हाथ तोड़ दो-मरोड़ दो जैसे नारे भी लग रहे थे.


कांग्रेस सांसद के खिलाफ अचानक यह प्रतिवाद जुलूस क्यों, इस सवाल के जवाब में तृणमूल छात्र नेता प्रसेनजीत दास ने कहा कि दक्षिण मालदा के कांग्रेस सांसद अबु हासेम खान चौधरी (डालू) लोकसभा चुनाव के बाद से ही नजर नहीं आ रहे हैं. वह विकास के कामों में नहीं, आम लोगों के सुख-दुख में नहीं, बल्कि सिर्फ वोट के समय नजर आते हैं. ऐसे में और क्या किया जाये. सांसद ने विश्वास खो दिया है और लापता हो गये हैं. शहर के मोहल्ले-मोहल्ले में बुखार और डेंगू का प्रकोप है, लेकिन आम जनता के साथ सांसद नहीं दिख रहे हैं. बाढ़ और गंगा में कटाव के समय आम लोगों को भारी दुर्दशा झेलनी पड़ी. लेकिन कांग्रेस सांसद कहीं नजर नहीं आये. लोकसभा चुनाव के बाद से लेकर अब तक उन्होंने क्या विकास कार्य किया, यह बताने की स्थिति में सांसद नहीं हैं. सांसद को आम लोगों के सामने अपने काम का लेखा-जोखा पेश करना चाहिए. लेकिन वह तो कहीं नजर ही नहीं आते.

तृणमूल छात्र परिषद के इस विरोध प्रदर्शन के संबंध में एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने कहा कि कालीपूजा से एक दिन पहले 12 नंबर वार्ड में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े एक क्लब में जाकर सांसद अबु हासेम खान चौधरी ने एम्बुलेंस देने की घोषणा की थी. जिस वार्ड में यह घोषणा हुई, वह जिला तृणमूल छात्र परिषद के नेता प्रसेनजीत दास का वार्ड है. प्रसेनजीत वहां के वार्ड काउंसिलर हैं. उन्हें अपने वार्ड में कांग्रेस सांसद का काम करना पसंद नहीं आया. इसीलिए वह कांग्रेस सांसद को लापता बताते हुए उनके खिलाफ आंदोलन में उतरे हैं.

तृणमूल छात्र परिषद के इस आंदोलन को लेकर आश्चर्य प्रकट करते हुए सांसद अबु हासेम ने कहा कि वह इस तरह के निरर्थक आंदोलन को महत्व नहीं देना चाहते. क्षेत्र का विकास क्यों नहीं हो रहा है, इसका जवाब वह तृणमूल को क्यों देंगे. उन्हें जो जवाब देना होगा, वह आम जनता को देंगे. मुझे लापता सांसद बताकर मुझ पर व्यंग्य किया जा रहा है. मेरा काला हाथ तोड़ देने के नारे लगाये जा रहे हैं. लेकिन हम उन्हें यह बता देना चाहते हैं कि कुछ महीने पहले ही जनता ने मालदा से तृणमूल का नामो-निशान मिटा दिया था. विधानसभा चुनाव में उन्हें 12 में से एक भी सीट नहीं मिली थी. विकास कार्य कौन रोक रहा है, यह यहां के लोग जानते हैं. रायगंज में एम्स का काम किसने बंद करवाया. राष्ट्रीय राजमार्ग के काम में इतनी देरी क्यों हो रही है. जिला परिषद क्यों काम नहीं कर पा रही है. इन सबका जवाब तृणमूल को देना होगा. असल में तृणमूल पार्टी दिवालिया हो गई है. इसीलिए वह सस्ती राजनीति कर रही है. 12 नंबर वार्ड में काली पूजा में एक क्लब ने मुझे न्योता दिया था. क्लब का काम-काज देखते हुए मैंने अपनी मर्जी से उन्हें एक एम्बुलेंस देने की घोषणा की. अगर ऐसा करना अन्याय है तो मैं ऐसा अन्याय करता रहूंगा.
सोमवार के तृणमूल छात्र परिषद के कार्यक्रम के बारे में पूछे जाने पर मालदा के जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष मोअज्जम हुसेन ने बताया कि यह पार्टी का कार्यक्रम नहीं था और इस बारे में वह कुछ नहीं कहना चाहते.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >