मालदा : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 का काम पूरा हुए बिना टोल टैक्स वसूली शुरू किये जाने के खिलाफ मालदा, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर के प्राइवेट बस संचालक अपने आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं है. प्रशासन के अनुरोध पर गैरसरकारी परिवहन संस्थाओं ने मंगलवार को शुरू की गयी 24 घंटे की हड़ताल खत्म कर दी है.
लेकिन मांग नहीं माने जाने पर छठ पूजा के बाद वे एक बार फिर आंदोलन में उतरेंगे. उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मालदा के जिला अधिकारी शरद द्विवेदी ने एक बैठक कर यह अनुरोध किया था कि पूजा के मौसम में यात्रियों को परेशानी न हो, इसलिए हड़ताल खत्म कर दी जाये. मालदा बस एवं मिनी बस ओनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष काजल राय ने बताया कि हमने अभी प्रशासन के अनुरोध पर हड़ताल खत्म कर दी है, लेकिन छठ पूजा के बाद आंदोलन फिर शुरू होगा.
सड़क का काम पूरा हुए बिना किसी सूरत में टोल टैक्स को स्वीकार नहीं किया जायेगा. मालदा मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव उज्ज्वल साहा ने भी कहा कि छठपूजा के बाद तीनों जिलों के व्यवसायी संगठन आंदोलन में शामिल होंगे.
