लाखों रुपये का सामान जलकर खाक
तीन दमकल इंजनों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जतायी गयी आशंका
सिलीगुड़ी : नगर निगम के 21 नंबर वार्ड अंतर्गत रवीन्द्र नगर मानिक बंद्योपाध्याय सरणी में रविवार दोपहर एक घर में भीषण आग लगने से तीन परिवारों का आशियाना उजड़ गया. इस अगलगी में लाखों रुपये का सामान स्वाहा हो गया. बताया जा रहा है कह आग लगने के दौरान घर में रखा एक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया. जिससे आग ने भयावह रूप ले लिया.
खबर मिलते ही सिलीगुड़ी दमकल विभाग का तीन इंजन मौके पर पहुंचा. दमकलकर्मियों द्वारा एक घंटे से ज्यादा मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. उस घर में चितरंजन कुंडू, नव कुंडू तथा मदन कुंडू का परिवार एक साथ रहता था. प्रारंभिक छानबीन के बाद आशंका व्यक्त की जा रही है कि शॉट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ. प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुंडू परिवार शनिवार को अपने एक रिश्तेदार की शादी में डाबग्राम गये हुए थे.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कुंडू परिवार का एक सदस्य थोक में कपड़ा खरीद-बिक्री का कारोबार करता है. उस घर में कपड़ों के कई गट्ठर रखे हुए थे. जानकारी मिली है कि शॉर्ट सर्किट के चलते सबसे पहले आग कपड़ों के गट्ठरों में लगी. जिसके बाद धीरे-धीरे आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. अगलगी की खबर मिलते ही घर की एक महिला कल्पना कुंडू जब वहां पहुंची तो सब कुछ खाक हो चुका था. उन्होंने बताया कि घर में रखा एक भी सामान नहीं बचा.
सब कुछ बर्बाद हो गया. उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों ने ही दमकल को इस घटना की जानकारी दी. लेकिन दमकल के वहां पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की. कल्पना ने बताया कि इस घटना में उनके घर में रखे कपड़े, खाने-पीने का सामान व बिस्तर सब कुछ स्वाहा हो गया. वहीं घटना को लेकर 21 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद तपन दत्ता ने बताया कि तीनों भाई एक साथ पांच कमरे के मकान में रहते थे. घटना के वक्त घर पर कोई भी नहीं था.
