निगम में 75 स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति जल्द : मेयर

दो तल्ला भवन निर्माण को बिल्डिंग प्लान पास होने की जरूरत नहीं विभिन्न वार्डों में बांटे जायेंगे 45 हजार डस्टबिन ग्रीन सिटी मिशन के तहत महानंदा नदी संलग्न 11 घाटों का होगा निर्माण सिलीगुड़ी : कोलकाता नगर निगम के तर्ज पर सिलीगुड़ी नगर निगम भी निम्न मध्यमवर्गीय लोगों को बिल्डिंग निर्माण में राहत प्रदान करने […]

  • दो तल्ला भवन निर्माण को बिल्डिंग प्लान पास होने की जरूरत नहीं
  • विभिन्न वार्डों में बांटे जायेंगे 45 हजार डस्टबिन
  • ग्रीन सिटी मिशन के तहत महानंदा नदी संलग्न 11 घाटों का होगा निर्माण
सिलीगुड़ी : कोलकाता नगर निगम के तर्ज पर सिलीगुड़ी नगर निगम भी निम्न मध्यमवर्गीय लोगों को बिल्डिंग निर्माण में राहत प्रदान करने की योजना बना रही है. मेयर अशोक भट्टाचार्य का कहना है कि दोतल्ला मकान बनाने के लिए लोगों को प्लान पास कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. हालांकि इस पर अभी अंतिम निर्णय सिलीगुड़ी नगर निगम के बिल्डिंग विभाग के एमएमआईसी से चर्चा के बाद लिया जायेगा.
नगर निगम में 75 स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति शीघ्र की जायेगी. मेयर के मुताबिक 2020 में सिलीगुड़ी नगर निगम शहर में दर्जनों विकास योजनाओं को शुरू करने की योजना पर काम कर रही है. इसके अलावा साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न वार्डों में 45 हजार तक डस्टबिन का वितरण किया जायेगा.
मंगलवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मेयर अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हाकिम ने तीन तल्ला तक भवन का निर्माण करवाने के लिए निम्न मध्यमवर्गीय परिवार को बिल्डिंग प्लान पास कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
अशोक भट्टाचार्य ने फिरहाद हाकिम के इस पहल की सराहना की है. उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी में भी निम्नमध्यम वर्गीय लोगों को राहत मिल सके, इसके लिए तीनतल्ला नहीं तो कम से कम एक या फिर दोतल्ला तक बिल्डिंग निर्माण के लिए लोगों को प्लान पास कराने से मुक्त किया जायेगा. इसको लेकर परीक्षण चल रहा है.
मेयर ने कहा कि अगर इसे सिलीगुड़ी में लागू भी किया जाता है तो लोगों को बिल्डिंग प्लान के लिए बनाये गये कानूनों को मानना होगा. इस विषय को लेकर वे बिल्डिंग विभाग के एमएमआईसी तथा अन्य अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे. मेयर ने बताया कि नये वर्ष में कई विकास परियोजनाओं को शुरू करने के साथ ही चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने पर लाने पर जोर दिया जायेगा.
उन्होंने कहा कि नये साल में ग्रीन सिटी मिशन के तहत महानंदा नदी संलग्न 11 घाटों का निर्माण किया जायेगा. 20 जनवरी को इसका शिलान्यास किया जायेगा. उन्होंने बताया कि इस काम में सात करोड़ रुपये की लागत आयेगी. इसके अलावे रोड नेटवर्क को दुरुस्त करने के तहत 80 सड़कों पर 22 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
मेयर ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए आने वाले वर्ष में शहर के 23 हजार घरों में 45 हजार डस्टबिन बांटे जायेंगे. उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 14 वार्डों में यह काम शुरू होगा. 4 जनवरी को 29 नंबर वार्ड में इसका शुभारंभ होगा.
इसके अलावे नगर निगम में 75 स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति भी की जायेगी. इसके साथ ही अप्रैल तक शहर के सभी हाईड्रेनों को साफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. जिसमें 23 से 24 लाख का खर्च आयेगा. संवाददाता सम्मेलन में सिलीगुड़ी नगर निगम के डिप्टी मेयर राम भजन महतो के साथ पेयजल विभाग के एमएमआईसी शरदेंदु चक्रवर्ती भी उपस्थित थे.
सिलीगुड़ी नगर निगम के चुनाव पर लगा प्रश्न चिह्न
सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर अशोक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार की मंशा पर संशय व्यक्त किया है. मेयर का कहना है कि राज्य सरकार इस दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है. वहीं सूत्रों का कहना है कि सिलीगुड़ी नगर निगम में अपनी पकड़ को कायम रखने के लिए माकपा कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगी. इसको लेकर माकपा के जिलास्तरीय नेता दार्जिलिंग जिले कांग्रेस नेताओं से लगातार बैठक कर रणनीति पर काम कर रहे हैं.
ज्ञात हो कि मई 2020 में सिलीगुड़ी नगर निगम के माकपा बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. इस पर मेयर अशोक भट्टाचार्य ने बताया कि एसएमसी का चुनाव करवाने को लेकर राज्य सरकार कितनी इच्छुक है, यहसवाल बना हुआ है. उन्होंने बताया कि राज्य के 17 नगरपालिका में बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने के डेढ़ वर्ष बाद भी वहां चुनाव नहीं हो पाया है.
राज्य सरकार ने उन सभी नगरपालिकाओं में राज्य सरकार ने प्रशासक को नियुक्त कर दिया है. मेयर अशोक भट्टाचार्य ने बताया कि राज्य सरकार ने अभी तक एसएमसी चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं किया है. मेयर ने बताया कि 18 दिसंबर को एक नोटिस आया था. जिसमें सीट संरक्षण को लेकर ड्रॉफ्ट तालिका प्रकाशित करने की तारीख 31 दिसंबर तय की गई थी. लेकिन फिर से उसे कैंसिल कर 17 फरवरी कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >