गरम कपड़ों की दुकानों पर दिखने लगे ग्राहक
निजी स्कूलों में शुरू हो गया है विंटर वेकेशन
कर्सियांग : कर्सियांग में सुहावना मौसम के बीच ठंड का कहर जारी है. विगत कई दिनों से दिन में मौसम सुहावना रहता है. परंतु इसके बावजूद ठंड का कहर जारी है और कनकनी असर भी बरकरार दिख रहा है. विशेषकर सुबह व शाम ठंड पड़ने का कहर जारी रहता है. ठंड पड़ने के कारण इस क्षेत्र में गरम कपड़ों की मांग बाजार में बढ़ गई है. गरम कपड़ों के तहत नये-नये व अत्याधुनिक तरीके के जैकेट, स्वेटर, कोट, जंपर आदि से बाजार की दुकानें सजने लगी है.
ठंड से बचने के लिए लोगों को गरम कपड़ों का सहारा लेने का कार्य करना पड़ रहा है। सुबह व शाम को क्षेत्र के कई इलाकों में लोग अलाव तापते भी दिखने लगे हैं.
मौसम में बदलाव होने के कारण क्षेत्र की अधिकतर दुकानें सुबह देर से खुलते दिखने लगे हैं. इसी प्रकार सायं तकरीबन पांच बजे ही अंधेरा होने का क्रम आरंभ हो जाने से अधिकतर कारोबारी अपनी दुकानों को छह से सात बजे के बीच ही बंद करने लगे हैं.
इसी बीच ठंड का कहर आरंभ होते ही अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के लिए प्रचलित कर्सियांग के बोर्डिंग स्कूलों के ठंड के अवकाश में बंद होने का क्रम भी आरंभ हो गया है. ठंड के अवकाश में इस क्षेत्र के बोर्डिंग स्कूलों में नवंबर महीने के तीसरे-चौथे सप्ताह व कुछ स्कूलों में दिसंबर महीने के पहले सप्ताह से तकरीबन ढ़ाई से तीन महीने तक बंद रहता है.
ठंड के अवकाश समाप्त होने के बाद नये सत्र के लिए स्कूलों के खुलने का क्रम फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह से लेकर इस महीने के अंतिम सप्ताह तक जारी रहता है. अपना नाम प्रकाश में नहीं छापने की शर्त पर एक कपड़े के व्यापारी ने बताया कि इस वर्ष ठंड अधिक पड़ने की संभावना दिख रही है. इसलिए मौसम को ध्यान में रखकर गरम कपड़ों का स्टाक विगत वर्ष की तुलना में अधिक किया जा रहा है.
वर्तमान में गरम कपड़ों की हो रही बिक्री के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि गरम कपड़ों की बिक्री में थोड़-बहुत इजाफा देखने को मिल रहा है. अधिकतर लोग गरम कपड़ों की खरीददारी करने आते वक्त नये-नये डिजाइन के ही गरम कपड़े खरीददारी करने पर विशेष जोर देने का कार्य करते हैं. अधिकतर लोग मार्केटिंग करने के दौरान अत्याधुनिक तरीके के गरम कपड़ो की खरीददारी कर इसे पहनने व अपना एक अलग ही पहचान बनाना चाहते हैं.
