सिलीगुड़ी : दिनभर चले नाटक के बाद आखिरकार 3 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को अनुमति मिल गयी है. प्रधानमंत्री उस दिन 11 बजे भाजपा उम्मीदवारों के लिए एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे.
प्रधानमंत्री की जनसभा कावाखाली के उसी मैदान पर होगी जहां पिछले कुछ दिनों से अनुमति को लेकर टंटा चल रहा था. इसके साथ ही प्रधानमंत्री की जनसभा पर मंडराया संकट खत्म हो गया है. 3 अप्रैल को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिलीगुड़ी में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे.
जनसभा स्थल तय होने के बाद वहां सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई है. इससे पहले दिनभर सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर नाटकीय घटनाक्रम का दौर जारी रहा. एसजेडीए से अनुमति नहीं मिलने के कारण स्थानीय भाजपा नेताओं का पसीना छूट रहा था.
कावाखाली के बदले किसी दूसरे वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश ऐसे कल से ही चल रही थी. शनिवार को पहले पता चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 अप्रैल को न्यू जलपाईगुड़ी के निकट साउथ कॉलोनी के एक रेलवे मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे.
आज भाजपा के आला नेताओं के साथ-साथ पुलिस एवं सिलीगुड़ी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी जनसभा स्थल का दौरा करने पहुंचे. इन लोगों ने सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया. साउथ कॉलोनी के रेलवे मैदान पर स्टेज आदि बनाने का काम भी आज से ही शुरु कराने का निर्णय लिय गया था.
शनिवार को साउथ कॉलोनी के रेलवे मैदान का जायजा लेने भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक अरविंद मेनन के साथ-साथ पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिजीत रायचौधरी, कंचन देवनाथ, रथींद्र बोस आदि पहुंचे. पुलिस अधिकारियों के साथ इनकी एक बैठक भी हुई.
इस दौरान प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया. खासकर सुरक्षा उपायों को लेकर काफी माथापच्ची की गई. उसके बाद शाम होते-होते पुरी परिस्थित बदल गयी. प्रशासन से कावाखाली में जनसभा की अनुमति दे दी गयी.
उसके बाद भाजपा नेता एक बार फिर अलग से तैयारी करने में जुट गये. यहां उल्लेखनीय है कि जनसभा स्थल नहीं मिलने के कारण प्रधानमंत्री की जनसभा पर संकट के बादल मंडराने लगे थे. पहले कावाखाली में जनसभा कराने का निर्णय लिया गया था.
वहां भाजपा नेताओं ने एक बड़े मैदान की पहचान भी की थी. यह जमीन सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण (एसजेडीए) की है. एसजेडीए ने जारी विकास कार्यों का हवाला देते हुए जनसभा की अनुमति नहीं दी. उसके बाद ही राज्य की सरकार एवं भाजपा नेता आमने सामने आ गए थे.
भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए वैकल्पिक स्थल की तलाश शुरू कर दी थी. आखिरकार रेलवे की जमीन पर जनसभा करने का निर्णय हुआ. शुक्रवार देर शाम को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी इस मैदान का जायजा लिया था.
उन्होंने जनसभा आयोजित करने को हरी झंडी दे दी दे दी थी. उसके बाद आज शनिवार को भाजपा के जिला स्तर के तमाम नेता केंद्रीय पर्यवेक्षक अरविंद मेनन की अगुवाई में साउथ कॉलोनी के रेलवे मैदान पहुंचे. पुलिस के आला अधिकारी भी वहां आए हुए थे.
नगर निगम के भी कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बुलाया गया था. हांलाकि यहां हेलीपैड बनाने को लेकर समस्या हो रही थी. भाजपा नेता रथींद्र बोस ने कहा भी था कि हेलीपैड को लेकर थोड़ी समस्या हो रही है. जबकि शनिवार शाम होते-होते परिस्थिति पूरी तरह से बदल गयी.
यह तय हो गय कि कावाखाली में ही प्रधानमंत्री की जनसभा होगी. भाजपा के जिला अध्यक्ष अभिजीत राय चौधरी ने बताया है कि कावाखाली में प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए अनुमति दे दी गयी है. अब इसमें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है. तीन तारीख को सुबह 11 बजे से प्रधानमंत्री की जनसभा होगी.
