सिलीगुड़ी/जलपाईगुड़ी : सिलीगुड़ी की तरह रेलवे ने जलपाईगुड़ी टाउन स्टेशन के एक बुकिंग काउंटर को बंद कर दिया है.जबकि एनजेपी स्टेशन पर एक बुकिंग काउंटर पहले से ही बंद है. मंगलवार को इस वजह से यात्रियों में तीखी नाराजगी देखी गयी. एक ही काउंटर होने से लंबी कतार लगने से यात्रियों को काफी लंबा इंतजार करना पड़ा.इसके साथ ही यह मुद्दा गरमाने भी लगा है.
बुकिंग काउंटर को खोलने की मांग को लेकर विभिन्न संगठन के साथ-साथ राजनीतिक दल भी लामबंद हो रहे हैं.मंगलवार को जलपाईगुड़ी नागरिक मंच ने अदालत जाने की चेतावनी दी है. मंच और माकपा के युवा संगठन डीवाईएफआई ने रेलवे को ज्ञापन भी दिया है.दूसरी ओर सिलीगुड़ी में भी डीवाईएफआई ने आंदोलन की घोषणा की है.
बुधवार को डीवाईएफआई लोकल कमेटी की ओर से एनजेपी में रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन दिया जायेगा. डीवाईएफआई नेता तापस चटर्जी ने कहा है कि रिजर्वेशन काउंटर बंद होने से रेल यात्रियों को आरक्षण कराने में काफी परेशानी हो रही है.वहीं, जलपाईगुड़ी टाउन के स्टेशन मास्टर पंकज कुमार शील ने कहा कि वह इस मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं. उपर से निर्देश के अनुसार ही उन्होंने यह आदेश जारी किया है. फिलहाल एक ही काउंटर से बुकिंग का काम होगा.
जलपाईगुड़ी नागरिक मंच के संयोजक गोविंद राय ने कहा कि इस तरह से नागरिक सेवा को बंद करना कतई उचित नहीं कहा जा सकता है. यह जनहित के खिलाफ है. उन्होंने रेलवे प्रशासन से अविलंब इस आदेश को निरस्त करने की मांग की. अगर ऐसा नहीं होता है तो मंच अदालत जायेगा. डीवाईएफआई के पक्ष से जयदीप मुखर्जी ने कहा कि अगर जल्द बुकिंग काउंटर नहीं खोला गया तो उनका संगठन वृहद आंदोलन करेगा. वामफ्रंट के जिला संयोजक सलिल आचार्य ने भी इसी तरह की चेतावनी दी है.
यहां उल्लेखनीय है कि सिलीगुड़ी के सिटी बुकिंग ऑफिस सहित उत्तर बंगाल के कई रेलवे स्टेशनों पर एक काउंटर बंद कर दिया गया है. जलपाईगुड़ी टाउन स्टेशन के दो रिजर्वेशन टिकट बुकिंग काउंटरों में से एक काउंटर बंद है. इसके साथ ही एनजेपी, अलुवाबाड़ी एवं सिलीगुड़ी सिटी बुकिंग ऑफिस में भी एक-एक काउंटर रेलवे ने बंद कर दिया है. दीपावली और छठ पूजा के ठीक पहले काउंटरों के बंद होने से लोगों में रोष है.
क्या है मामला : बता दें कि विगत 26 अक्टूबर को एनएफ रेलवे के कटिहार डिवीजन के सहायक कॉमर्शियल मैनेजर बीबी गिरि ने निर्देश जारी कर टाउन स्टेशन के अलावा एनजेपी, सिलीगुड़ी सिटी व अलुआबाड़ी स्टेशन पर एक-एक बुकिंग काउंटर बंद करने का निर्देश दिया है. निर्देश में कहा गया है कि चूंकि आजकल ऑनलाइन के जरिये आरक्षण का रुझान बढ़ा है इससे बुकिंग काउंटर में टिकटों की बिक्री कम हो गयी है. इसीलिये बंद करने का निर्णय लिया गया है. श्री गिरि ने अपने निर्देश में कहा है कि पिछले एक साल के टिकट बुकिंग को आंकड़े को देखने से सपष्ट है कि इन स्टेशनों पर बुकिंग में लगातार कमी हो रही है.
